- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Ujjain: तेज रफ्तार...

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में इंदौर-उज्जैन फोरलेन को सिक्स लेन पर शनिवार को रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक ट्रक अनियंत्रित होकर आयशर से टकरा कर पलट गया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आयशर चालक घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला।
नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि रमेश उर्फ गुड्डू पुत्र ब्रजलाल श्रीवास्तव 53 वर्ष निवासी ग्राम पंथपिपलई शनिवार सुबह काम पर जाने से पहले पेट्रोल भराने के लिए इंदौर रोड स्थित पंप पर आया था। पेट्रोल भरवाने के बाद रमेश बाइक से रॉन्ग साइड में आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रक सडक़ किनारे खड़ी आयशर से टकरा गया। हादसे में दोनों वाहन पलट गए। जबकि ट्रक की चपेट में आने से रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक की टक्कर लगने से आयशर चालक ओमप्रकाश पिता बाबूलाल पाटीदार 50 वर्ष निवासी नागझिरी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों वाहनों के सडक़ पर पलट जाने से आवागमन भी बाधित हुआ।
वाहन के कांच साफ करते समय हुई दुर्घटना
पुलिस ने बताया कि घायल ओमप्रकाश सीएनजी गैस एजेंसी की आयशर चलाता है और घटना के समय वह पेट्रोल पंप के पास अपनी अपने वाहन के कांच साफ कर रहा था। ट्रक की टक्कर से आयशर भी क्षतिग्रस्त हो गई और ओमप्रकाश को गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने उक्त मामले में ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
ट्रक छोडक़र चालक फरार
हादसे के बाद इंदौर रोड पर ही चालक ट्रक छोडक़र मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं मृतक रमेश के शव को पुलिस ने पीएम के बाद परिजनों को सौप दिया। हादसे के कारण ट्रक में भरे प्यास भी नष्ट हो गए।





