मध्य प्रदेश

रास्ते के विवाद में आमने-सामने आए दो पक्ष, फायरिंग का VIDEO आया सामने

jantaserishta.com
26 Nov 2026 4:46 PM IST
रास्ते के विवाद में आमने-सामने आए दो पक्ष, फायरिंग का VIDEO आया सामने
x
वीडियो हुआ वायरल.
ग्वालियर: गांव में सड़क से बाइक निकालने को लेकर दो दिन पहले एक विवाद हुआ था. बात इतनी बढ़ जाएगी कि नौबत राइफल से फायरिंग और पथराव तक पहुंच जाएगी, शायद किसी ने नहीं सोचा होगा. गुरुवार देर रात ग्वालियर के डबरा में कुछ ऐसा ही हुआ. एक तरफ से छत पर चढ़कर राइफल से गोलियां चलाई गईं, तो दूसरी तरफ से पत्थर बरसने लगे.
घटना का वीडियो भी सामने आया है. इसमें कुछ युवक छत पर दिखाई दे रहे हैं और राइफल से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. गोलियां घरों के दरवाजों तक जा लगीं. इस झड़प में बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति के पैर में पत्थर लग गया. मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र के पठा पनिहार गांव का है. पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है. गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है.
दो दिन पहले रास्ते से बाइक निकालने को लेकर रजक और परिहार समाज के लोगों के बीच विवाद हुआ था. उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था. गुरुवार देर रात गांव में अंडे के एक ठेले पर दोनों पक्षों के कालू परिहार और आकाश रजक मौजूद थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते बहस बढ़ गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
आरोप है कि एक पक्ष के कुछ युवक घर की छत पर चढ़ गए और वहां से राइफल से कई राउंड फायरिंग की. दूसरी तरफ से लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. फायरिंग के दौरान राइफल से निकली गोलियां घरों के दरवाजों में लगीं. इस बीच वासुदेव परिहार झगड़ा शांत कराने के लिए पहुंचे, लेकिन उनके पैर में पत्थर लग गया और वह घायल हो गए.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इसकी चर्चा हो रही है. वीडियो में छत से राइफल चलाते युवक दिखाई दे रहे हैं. फायरिंग और पथराव की सूचना मिलते ही एसडीओपी सौरभ कुमार और सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे. पुलिस ने मौके से फायरिंग के खाली कारतूस जब्त किए हैं. एक युवक को हिरासत में भी लिया गया है. घायल वासुदेव परिहार का बयान भी लिया गया है.
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. इसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसने की, कितने राउंड गोलियां चलाई गईं और पथराव में कौन-कौन शामिल था.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story