- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- ट्रक ने मोपेड को मारी...

x
बड़ी खबर
रतलाम। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के प्रतापनगर ब्रिज पर शुक्रवार शाम ट्रक की टक्कर से दोपहिया वाहन (स्कूटर) पर सवार 40 वर्षीय अनाज व्यापारी ओमवीर प्रजापत व उनकी आठ वर्षीय पुत्री युक्ति प्रजापत की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक ड्राइवर ट्रक मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है। जानकारी के अनुसार ओमवीर प्रजापत पुत्र निरंजन प्रजापत निवासी मंगलम सिटी कालोनी महू रोड स्थित कृषि मंडी में अनाज का व्यापार करते हैं। उनकी पत्नी सोनल मुख्य डाकघर में पोस्टल अस्सिटेंट के पद पर पदस्थ है। ओमवीर शाम करीब पांच इकलौती बेटी युक्ति को स्कूटर पर लेकर बाजार जा रहे थे। इस दौरान खाचरौद की तरफ से आ रहे ट्रक ने पीछे से उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। स्कूटर ट्रक के अगले हिस्से में फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाए गए। पुलिस ने स्कूटर को अलग कर ट्रक साइड में करवाकर यातायात चालू कराया। ओमवीर प्रजापत की पत्नी सोनल महाराष्ट्र में डाक विभाग में पदस्थ थी और आठ-नौ माह पहले ही स्थानांतरित होकर रतलाम आई है। पिता पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। टीआइ किशोर पाटनवाला, एसआइ मुकेश सस्तिया, अशोक दीक्षित, पोस्ट आफिस के अधिकारी व कर्मचारी और बड़ी संख्या में परिचित व अन्य लोग भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिए। शव पोस्टमार्टम रूम में रखे गए हैं। शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
एक घंटे तक ब्रिज पड़े रहे शव
शव वाहन के अभाव में पिता-पुत्री के शव करीब एक घंटे तक ब्रिज पर ही पड़े रहे। इससे लोगों में नाराजगी फैल गई। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाई गई और शवों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। उल्लेखनीय है कि जिला अस्पताल में शव वाहन नहीं है। नगर निगम में केवल एक ही शव वाहन है। कई बार वह दूसरे स्थान पर जाने से चलते घटना स्थल पर नहीं पहुंचाया जाता है। इसके चलते शव अस्पताल ले जाने के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ता है।
Next Story