मध्य प्रदेश

कार हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, नागपुर से दर्शन करने आए थे ओमकारेश्वर

Rani Sahu
31 May 2022 5:48 PM GMT
कार हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, नागपुर से दर्शन करने आए थे ओमकारेश्वर
x
मध्य प्रदेश के खंडवा में एक कार हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई

मध्य प्रदेश के खंडवा में एक कार हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा खंडवा के रौशनी पुलिस चौकी के समीप बैतूल रोड पर हुआ। हादसे में मरने वाले दो भाई हैं। उनके साथ एक पांच साल के बच्चे की भी मौत हो गई है। वहीं तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी। कार के अनियंत्रित होने के चलते यह हादसा हुआ है।

छह लोग थे सवार
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल रात एक कार बेहद तेज रफ्तार से जा रही थी। यह अनियंत्रित होकर पलटी खाई और पेड़ से टकरा गई। इस कार में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे, जिसमें 28 वर्षीय प्रतीक और उसके भाई मोहित (30) के साथ ही छह वर्षीय युवान की मौत हो गई। हादसे में मोहित की पत्नी आशा और उसकी दो वर्षीया बेटी यशी गंभीर रूप से घायल हो गए। इनके साथ ही उपेन्द्र तिवारी जो इनका पारिवारिक मित्र बताया जा रहा है वह भी घायल हुआ है।
ओमकारेश्वर दर्शन के लिए आए थे
पुलिस ने बताया कि यह परिवार नागपुर से ओमकारेश्वर दर्शन के लिये आया था। दर्शन के बाद यह परिवार लौटकर नागपुर जा रहा था। तभी रौशनी पुलिस चौकी से करीब 4 किलोमीटर दूर यह हादसा हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं, मृतकों के पोस्टमार्टम कर उनके शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।


Next Story