- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- उज्जैन में अद्भुत...

उज्जैन: आधी रात का समय, सड़कों पर बिछे फूल और हरि-हर के जयकारों से गूंजती धर्मनगरी। वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर रविवार रात उज्जैन में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। चांदी की पालकी में विराजमान भगवान महाकाल शाही अंदाज में गोपाल मंदिर पहुंचे, जहां भगवान द्वारकाधीश के साथ उनका हरिहर मिलन हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने इस पावन आयोजन के दर्शन किए।
रविवार रात करीब 11 बजे महाकाल मंदिर से भगवान महाकाल की सवारी रवाना हुई। महाकाल चौराहा, गुदरी बाजार और पटनी बाजार से गुजरते हुए सवारी गोपाल मंदिर पहुंची। रास्तेभर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाबा महाकाल का स्वागत किया। भगवान की सवारी के आगमन से पहले ही श्रद्धालु सड़कों पर फूल बिछाकर इंतजार कर रहे थे।
आतिशबाजी पर प्रतिबंध के बावजूद कई स्थानों पर पटाखे चलाए गए। प्रशासन ने विशेष रूप से हिंगोट वाले पटाखों पर रोक लगाई थी। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सवारी मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
रात करीब 12 बजे बाबा महाकाल की सवारी गोपाल मंदिर पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकाल और भगवान द्वारकाधीश का विशेष पूजन किया गया। दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से दोनों देवताओं का पंचामृत अभिषेक किया गया।
धार्मिक परंपरा के अनुसार, भगवान महाकाल ने अपनी प्रिय बिल्वपत्र की माला भगवान द्वारकाधीश को अर्पित की। वहीं भगवान विष्णु की प्रिय तुलसी की माला बाबा महाकाल को पहनाई गई। दोनों देवताओं को विशेष भोग भी लगाया गया। मालाओं के इस आदान-प्रदान के साथ सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान विष्णु को सौंपने का प्रतीकात्मक विधान संपन्न हुआ।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि में चार महीने तक सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के बाद वैकुंठ चतुर्दशी की रात भगवान शिव उन्हें पुनः यह जिम्मेदारी सौंपते हैं। इसी धार्मिक परंपरा को हरिहर मिलन कहा जाता है।
गोपाल मंदिर के पुजारी मधुर शर्मा ने बताया कि हरिहर मिलन उज्जैन के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। भगवान महाकाल का भगवान द्वारकाधीश के आंगन में पहुंचना और दोनों देवताओं द्वारा एक-दूसरे की प्रिय मालाएं धारण करना इस आयोजन की विशेषता है।
महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा के मुताबिक, उज्जैन में हरिहर मिलन की परंपरा सौ साल से भी अधिक पुरानी है। सिंधिया रियासत के समय से इस धार्मिक आयोजन का निर्वहन किया जा रहा है।
वर्ष में एक बार होने वाला यह आयोजन भगवान शिव और भगवान विष्णु के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को दर्शाता है। इसके साथ ही हरिहर मिलन शैव और वैष्णव संप्रदायों के बीच एकता, सद्भाव और धार्मिक समरसता का संदेश भी देता है।





