- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- यूट्यूब से सीखकर चोरी...
यूट्यूब से सीखकर चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार, 8 लाख का माल जब्त

MADHYA PRADESH मध्य प्रदेश : इंदौर जिले के कनाड़िया थाना पुलिस ने एक ऐसे चोर को गिरफ्तार किया है, जो यूट्यूब वीडियो देखकर चोरी की योजना बनाता और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो जाता था। आरोपी अपने बेटे के साथ खंडवा से इंदौर आता और चोरी करने से पहले अपनी कार की नंबर प्लेट बदल लेता। इसके अलावा, खुद का हुलिया बदलने के लिए बालों की विग पहनता, ताकि सीसीटीवी में कैद होने पर भी उसकी पहचान न हो सके।पुलिस ने आरोपी जीत सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से 8 लाख रुपए मूल्य का चोरी का माल जब्त किया। शिकायत मानवता नगर के एक बैंक अधिकारी ने दर्ज कराई थी। बैंक अधिकारी के अनुसार, वह हैदराबाद गए थे और 1 अगस्त को लौटने पर देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ था और ज्वेलरी तथा नकदी गायब थी।
कनाड़िया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी जीत सिंह को पकड़ने में सफलता पाई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी से पहले वह यूट्यूब पर चोरी की तकनीकें देखता था। उसने बताया कि कार में नकली नंबर प्लेट लगाने और लंबी दूरी तय करने का उद्देश्य यही था कि पुलिस उसकी पहचान न कर सके। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी करने के बाद वह अपने हुलिये को बदलने के लिए हेयर विग पहनता था, ताकि सीसीटीवी कैमरों में उसकी वास्तविक पहचान न दिखे। चोरी की इस अनोखी तकनीक ने पुलिस और आम लोगों को भी हैरान कर दिया। हालांकि, इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है। कनाड़िया पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी आरोपी जल्द ही कानून के कटघरे में लाए जाएंगे। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत थाने को दें। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर आम लोगों में विश्वास बढ़ा है।





