मध्य प्रदेश

किटी पार्टी से बढ़ाई पहचान, निवेश से कमाया भरोसा फिर ठग लिए 20 करोड़; अब पुलिस को है ‘बंटी-बबली’ की तलाश

Shubhra Nandy
25 Nov 2026 8:02 AM IST
किटी पार्टी से बढ़ाई पहचान, निवेश से कमाया भरोसा फिर ठग लिए 20 करोड़; अब पुलिस को है ‘बंटी-बबली’ की तलाश
x
जबलपुर में ठगी का बड़ा मामला
जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में आलीशान जीवनशैली और बड़े कारोबार का हवाला देकर सराफा व्यापारियों तथा निवेशकों से करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रश्मि कौर और उसके पति मनवीर पाल सिंह पर बुटीक, किटी पार्टी, सोने-चांदी के आभूषणों की खरीद-बिक्री और शेयर बाजार में निवेश के बहाने लोगों से रकम हासिल करने का आरोप है। मध्य प्रदेश सराफा एसोसिएशन के मुताबिक कथित धोखाधड़ी की रकम करीब 20 करोड़ रुपये तक हो सकती है। फिलहाल दोनों फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, दंपती ने पहले शहर के संपन्न परिवारों और कारोबारियों के बीच अपनी पहचान बनाई। खुद को आर्थिक रूप से मजबूत बताकर लोगों का विश्वास हासिल किया। शुरुआती लेनदेन में समय पर भुगतान और निवेश पर मुनाफा देकर भरोसा बढ़ाया गया। इसके बाद बड़ी रकम और महंगे आभूषणों का लेनदेन शुरू हुआ। भुगतान अटकने और दंपती से संपर्क नहीं होने के बाद कई लोगों ने पुलिस से शिकायत की है।
बुटीक के जरिए बढ़ाई कारोबारियों से नजदीकी
जबलपुर के सदर बाजार में सराफा प्रतिष्ठान संचालित करने वाले हर्षित सोनी के अनुसार, रश्मि कौर से उनकी पहचान कारोबार के सिलसिले में हुई थी। रश्मि ने खुद को बुटीक संचालक बताते हुए दावा किया था कि शहर के संपन्न परिवारों की महिलाओं के बीच उसका अच्छा संपर्क है। किटी पार्टियों में शामिल होने वाली महिलाएं महंगे आभूषण खरीदने में रुचि रखती हैं। हर्षित के परिवार में एक विवाह समारोह के दौरान रश्मि के बुटीक से कपड़े भी तैयार करवाए गए थे। इसके बाद दोनों के बीच परिचय और व्यावसायिक संबंध बढ़ने लगे। इसी विश्वास के आधार पर आभूषणों का लेनदेन शुरू हुआ।
छोटे भुगतान से जीता भरोसा, फिर बढ़ती गई रकम
सराफा कारोबारी के मुताबिक, रश्मि ने शुरुआत में करीब पांच लाख रुपये के आभूषण लिए और उनका भुगतान कर दिया। इसके बाद सात लाख और फिर लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों का लेनदेन हुआ। रश्मि ने खुद को दमोह के संपन्न परिवार से जुड़ा बताते हुए 100 एकड़ से अधिक जमीन होने का दावा किया था। उसने बैंक लॉकर में बड़ी मात्रा में आभूषण रखे होने की बात भी कही थी। कथित कानूनी विवाद के कारण लॉकर से आभूषण निकालने में पैसे खर्च होने की बात कहकर उसने कारोबारी से आर्थिक मदद ली। लगातार हुए लेनदेन और पहले के भुगतान के कारण व्यापारी को उस पर भरोसा हो गया था।
45 लाख के आभूषण लिए, बैंक में बाउंस हुआ चेक
हर्षित सोनी के अनुसार, पिछले सप्ताह रश्मि ने अपने घर में बड़े आयोजन की जानकारी देते हुए करीब 300 ग्राम सोने के आभूषण लिए थे। इनकी कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई गई है। इससे पहले भी वह करीब इतनी ही कीमत के आभूषण ले चुकी थी। कारोबारी का कहना है कि गुरुवार को आभूषण लेने के बाद रश्मि शुक्रवार तक संपर्क में थी। शनिवार को भुगतान के लिए चेक दिया गया। रविवार और सोमवार को बैंक बंद रहने के बाद मंगलवार को जब चेक बैंक में प्रस्तुत किया गया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद कारोबारी ने रश्मि से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उसके आवास पर पहुंचने पर दरवाजे पर ताला लगा मिला। इसके बाद कारोबारी को कथित धोखाधड़ी का पता चला।
सोने के नाम पर दिए सिक्के, जांच में निकले पीतल
मध्य प्रदेश सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजा सराफ ने एक अन्य कारोबारी के साथ हुई कथित धोखाधड़ी की जानकारी भी दी है। उनके अनुसार, रश्मि ने एक व्यापारी को सोने के सिक्कों के बदले आभूषण देने का प्रस्ताव दिया था। व्यापारी ने सिक्कों को असली सोने का समझकर उनके वजन के बराबर आभूषण दे दिए। रश्मि के फरार होने की जानकारी मिलने के बाद जब संबंधित सिक्कों को गलाकर उनकी वास्तविकता जांची गई तो उनके पीतल के होने का पता चला। इस खुलासे के बाद सराफा कारोबारियों की चिंताएं और बढ़ गईं।
शेयर बाजार में मुनाफे का भरोसा देकर लिए 42 लाख और पांच तोला सोना
कथित धोखाधड़ी का मामला केवल सराफा कारोबारियों तक सीमित नहीं है। नेपियर टाउन निवासी वंदना अग्रवाल ने भी दंपती के खिलाफ शिकायत की है। वंदना की रश्मि से पहचान बुटीक के माध्यम से हुई थी। वंदना के अनुसार, रश्मि ने बताया था कि उसका पति मनवीर पाल सिंह शेयर बाजार में काम करता है और निवेश पर बेहतर मुनाफा दिला सकता है। शुरुआती दौर में निवेश से कुछ लाभ देकर उनका विश्वास हासिल किया गया। इसके बाद वंदना ने अलग-अलग समय पर कुल 42 लाख रुपये नकद और पांच तोला सोना दंपती को दिया। जब निवेश की रकम वापस नहीं मिली तो उन्होंने कैंट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सराफा एसोसिएशन का दावा, 20 करोड़ तक पहुंच सकती है रकम
मध्य प्रदेश सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजा सराफ के मुताबिक, रश्मि कौर और मनवीर पाल सिंह पर शहर के आभूषण कारोबारियों सहित अन्य निवेशकों से करीब 20 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। उन्होंने पुलिस से दोनों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। आशंका जताई जा रही है कि दंपती के संपर्क में रहे अन्य कारोबारी और निवेशक भी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच सकते हैं। ऐसे में कथित धोखाधड़ी की वास्तविक रकम विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
जबलपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज के अनुसार, सराफा कारोबारी की शिकायत के आधार पर रश्मि कौर और उसके पति मनवीर पाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, रकम और आभूषण गंवाने का दावा करने वाले कारोबारी तथा निवेशक पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अन्य शिकायतें सामने आने के बाद मामले का दायरा और बढ़ सकता है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है। कथित धोखाधड़ी की कुल रकम और आरोपों की वास्तविकता विवेचना पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
Next Story