मध्य प्रदेश

सूने मकान में चोरी, केस दर्ज

Shantanu Roy
9 July 2022 4:54 PM GMT
सूने मकान में चोरी, केस दर्ज
x
बड़ी खबर

सागर। गोपालगंज थाना क्षेत्र के अहमदनगर में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने सूने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर सूने घर से गहने, नकदी सहित तीन गैस सिलेंडर तक चोरी कर ले गए। घर मालिक के लौटने पर उन्हें चोरी की वारदात का पता चला। पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम के साथ मुआयना कर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों का पता लगाने मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार अहमदनगर में रहने वाले रामायण प्रसाद कुशवाहा अपनी पुत्री को सैनिक शिशु निकेतन स्कूल में कक्षा 4 में प्रवेश दिलाने पत्नी के साथ पांच जुलाई की रात रीवा गए थे।

वहां प्रवेश कराने के बाद अपने एक रिश्तेदार के घर रुके और शुक्रवार सुबह 5.30 बजे सागर लौटे थे। जब वे घर पहुंचे तो दरवाजे पर लगा ताला गायब था। यह देख वे परेशान हो गए। अंदर पहुंचने पर सामान भी बिखरा मिला और घर में रखे कुछ सोने- चांदी के जेवर, रुपए के अलावा किचन से तीन गैस सिलेण्डर व धातु के डिब्बे भी गायब थे। चोरी का अंदेशा होने पर उन्होंने गोपालगंज थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस सुबह फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, डाग स्क्वाड सहित मौके पर पहुंची और घर के कमरों सहित आसपास भी तलाश की।

फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने खाली पड़े डिब्बों, जेवर के बाक्स व दरवाजे से फिंगर प्रिंट एकत्रित किए हैं। पुलिस रामायण प्रसाद कुशवाहा की रिपोर्ट पर चोरी का प्रकरण दर्ज कर मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। कुशवाहा के अनुसार दो दिन बाद वे जब लौटे तो घर में सामान बिखरा पड़ा था। वे जल्द की रीवा में शिफ्ट होकर वहां मेडिकल स्टोर खोलने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने कुछ लोगों रुपए भी उधार लिए थे। उनकी मां के कुछ रुपये भी घर में रखे थे। बदमाश इन रुपयों के अलावा जेवर व घर गृहस्थी का सामान भी चुराकर ले गए हैं।

Next Story