- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- बालाघाट पुलिस की...
बालाघाट पुलिस की तत्परता से साइबर ठगी के पीड़ित को मिली राहत

भोपाल: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में तत्परता दिखाते हुए पीड़ित के 20 लाख रुपये वापस कराने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बैंक अधिकारियों से प्रभावी समन्वय के चलते ठगी की संपूर्ण राशि सुरक्षित कर पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई गई।
बालाघाट के पुलिस अधीक्षक मलय जैन ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि साइबर नोडल द्वारा आवेदक संजय नेमा, निवासी वार्ड क्रमांक 20, राम गली, बालाघाट के साथ हुई 20 लाख रुपये की ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि अज्ञात साइबर ठगों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से धोखाधड़ी की गई थी। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर नोडल बालाघाट द्वारा मामले को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज कर संबंधित बैंक के नोडल अधिकारियों से पोर्टल एवं अधिकृत ई-मेल के माध्यम से संपर्क स्थापित किया गया। पुलिस द्वारा संदिग्ध बैंकिंग लेन-देन की राशि होल्ड कराने के लिए त्वरित प्रयास किए गए। इसके परिणामस्वरूप बैंक में ठगी की संपूर्ण राशि 20 लाख रुपये होल्ड करा ली गई। आवश्यक बैंकिंग प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पूरी राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई गई।
मध्य प्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी अथवा अन्य वित्तीय विवरण साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना विलंब किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
साइबर ठगी के मामलों में गोल्डन ऑवर अर्थात ठगी के तुरंत बाद का प्रारंभिक समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान तत्काल शिकायत करने से ठगी की राशि को संबंधित बैंक खाते में होल्ड कराने और पीड़ित को राशि वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।





