मध्य प्रदेश

सागर में जहरीली शराब केस का आरोपी मुठभेड़ के बाद पकड़ा

Admindelhi1
23 Sept 2026 2:05 PM IST
सागर में जहरीली शराब केस का आरोपी मुठभेड़ के बाद पकड़ा
x
जहरीली शराब मामले में सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सागर: मप्र की सागर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बंडा और विनायका क्षेत्र के चर्चित जहरीली शराब प्रकरण के मुख्य आरोपी तथा 30,000 रुपये के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी मनीष लोधी और उसका साथी आशीष साहू दोनों घायल हो गए।

पुलिस को लंबे समय से इस शातिर बदमाश की तलाश थी। बुधवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस टीम को सूचना मिली कि बदमाश क्षेत्र में मौजूद है। धरपकड़ के दौरान नोनिया सेसई रोड घाटी (थाना मालथौन क्षेत्र) पर पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने अपनी और जनता की रक्षा करते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इस दौरान मनीष लोधी के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, मौके से भागने का प्रयास कर रहा उसका साथी आशीष साहू भी घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद पुलिस बल द्वारा दोनों घायल आरोपियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और मामले में आगे की वैधानिक व विधिक कार्रवाई तेजी से जारी है।

Next Story