मध्य प्रदेश

किसानों को बताएं कि सरकार उन्हें अतिरिक्त बोनस दे रही है: स्मिता भारद्वाज

Admindelhi1
14 March 2024 9:19 AM GMT
किसानों को बताएं कि सरकार उन्हें अतिरिक्त बोनस दे रही है: स्मिता भारद्वाज
x

इंदौर: मप्र की अतिरिक्त मुख्य सचिव (खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग) स्मिता भारद्वाज ने बुधवार को इंदौर में संभागीय बैठक ली। रेसीडेंसी कोठी में आयोजित बैठक में संभाग के सभी जिला कलेक्टरों और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की गई।

भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने किसानों काे इस बार अतिरिक्त बोनस दिया है, इसकी जानकारी हर किसान तक पहुंच जाए और उन्हें इसके बारे में बताया भी जाए। संभागायुक्त दीपक सिंह ने संभाग के सभी जिलों में गेहूं खरीदी केंद्रों का निर्धारण करने व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने की जानकारी दी।

एससीएस ने निर्देश दिए कि गेहूं खरीदी से संबंधित सभी विभागों को रबी खरीदी के नए नियमों की जानकारी होना चाहिए। गेहूं खरीदी में किसानों को मप्र सरकार ने अतिरिक्त रूप से बोनस देने का निर्णय लिया है, जिसका भुगतान उनके खाते में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीदी के लिए नियुक्त सर्वेयर का प्रशिक्षण एवं परीक्षा निर्धारित समय पर कराएं। उन्होंने जिला कलेक्टरों से कहा कि आने वाले समय में चुनाव में सभी की व्यस्तता रहेगी और लगभग उसी समय गेहूं खरीदी का काम भी होगा, इसलिए अभी से यह व्यवस्था पक्की कर लें।

सार्वजनिक वितरण प्रणाली की भी समीक्षा की : बैठक में मार्कफेड के एमडी आलोक सिंह, डायरेक्टर खाद्य रवींद्र सिंह, भारतीय खाद्य निगम के विशेष गढ़पाले, नागरिक आपूर्ति निगम के एमडी प्रताप नारायण यादव, कलेक्टर इंदौर आशीष सिंह सहित संभाग के अन्य जिलों के कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। भारद्वाज ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की भी समीक्षा की।

Next Story