मध्य प्रदेश

झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया की गाड़ियों पर पथराव, युवक के अपहरण का लगा आरोप

Kunti Dhruw
17 March 2022 3:43 PM GMT
झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया की गाड़ियों पर पथराव, युवक के अपहरण का लगा आरोप
x
झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया और प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया की कार पर हमला हो गया।

झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया और प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया की कार पर हमला हो गया। उनकी गाड़ी के कांच फूटे हैं। वहीं एक ड्राइवर घायल हुआ है। ये हमला तब हुआ जब कांतिलाल भूरिया और विक्रांत भूरिया भगोरिया से लौटने की तैयारी कर रहे थे। जोबट थाने में मामला दर्ज करवाने कांतिलाल भूरिया पहुंच गए हैं। वहीं कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष के बेटे ने भी एफआईआर दर्ज करवाई है। उन्होंने जितेंद्र कनेश नामक युवक का अपहरण करने का आरोप लगाया है। ये आरोप कांतिलाल भूरिया, विक्रांत और दीपक भूरिया पर लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार झाबुआ में माहौल तब गर्मा गया, जब कांग्रेस विधायक कांतिलाल भूरिया की गाड़ियों पर पथराव की खबर फैली। किसी का कहना था कि काफिले पर पथराव हुआ है तो किसी का कहना था कि खड़ी गाड़ियों पर पत्थर फेंके गए। विक्रांत के मुताबिक अचानक 10 हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों के पास धारदार हथियार भी थे। उन्होंने एक हमलावर को दबोच लिया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने इस घटना को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांतिलाल भूरिया ने कहा है कि हम थाने में शिकायत करने आए हुए हैं। पुलिस हमें सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने जिला प्रशासन पर हमलावरों से मिलीभगत के भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया की एक हमलावर को उनके साथ मौजूद लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। उधर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल के बेटे पुष्पराज पटेल ने एक प्रकरण दर्ज कराया है कि हम पर कांतिलाल भूरिया की गाड़ियों पर हमला करने का आरोप लगाकर मारपीट की गई। हमारे एक साथी का अपहरण कर लिया गया। जबरन गाड़ी में बैठकर ले जाया गया है। एसडीओपी दिलीप बिलावली ने प्रकरण दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।
भूरिया और पटेल परिवार में पुराना विवाद
उपचुनाव में महेश पटेल के चुनाव हारे जाने के बाद कांतिलाल भूरिया से मनमुटाव है। उन्होंने हार के बाद आरोप लगाया थी कांतिलाल भूरिया ने भितरघात किया है। कमलनाथ के सामने भी आरोप लगाए थे। जबकि कांतिलाल भूरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में महेश पटेल पर टिप्पणी की थी।


Next Story