- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Shivpuri: दिनदहाड़े...

शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में शनिवार सुबह सिविल कोर्ट जा रहे वरिष्ठ अधिवक्ता संजय सक्सेना की अज्ञात हमलावरों ने सागर ताल के पास सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और अधिवक्ता समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता संजय सक्सेना सुबह अपने निवास से सिविल कोर्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर नजदीक से फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े। वारदात के कुछ देर बाद उसी सड़क से गुजर रहे एक अन्य वकील की नजर सड़क पर पड़े संजय सक्सेना पर पड़ी। उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
कोर्ट परिसर के निकट हुई इस घटना ने स्थानीय पुलिस और कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अधिवक्ता संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वकीलों ने कहा कि प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लंबे समय से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की जा रही है, किंतु इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है।





