मध्य प्रदेश

पराली जलाने में श्योपुर देश में नंबर-1, पर ग्वालियर ने लगाई लगाम! 70% धान कटाई अभी बाकी

Shubhra Nandy
10 Nov 2026 10:10 AM IST
पराली जलाने में श्योपुर देश में नंबर-1, पर ग्वालियर ने लगाई लगाम! 70% धान कटाई अभी बाकी
x
ग्वालियर : देश और मध्य प्रदेश में पराली जलाने के मामले एक बार फिर चिंता बढ़ा रहे हैं। प्रदेश के श्योपुर, गुना और दतिया जैसे जिले पराली जलाने की घटनाओं में देश और राज्य में सबसे आगे चल रहे हैं। हालांकि, ग्वालियर जिले ने इस बार अपनी रणनीति से इन घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR) की सैटेलाइट मॉनिटरिंग के अनुसार, 15 सितंबर से 2 नवंबर (47 दिन) के बीच ग्वालियर में पराली जलाने की महज 16 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
संभाग के अन्य जिलों की स्थिति गंभीर
जहां ग्वालियर में मामले नियंत्रित हैं, वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग का श्योपुर जिला पूरे देश और प्रदेश में 94 घटनाओं के साथ शीर्ष पर है-
श्योपुर: 94 घटनाएं (देश में सर्वाधिक)
नर्मदापुरम: 50 घटनाएं
गुना: 45 घटनाएं
दतिया: 43 घटनाएं
सीहोर: 37 घटनाएं
इसलिए ग्वालियर में कम हुईं घटनाएं

ग्वालियर में इस तरह का नियंत्रण कृषि विभाग और जिला प्रशासन की सतर्कता के कारण संभव हो पाया है; एक चेतावनी जारी की गई थी कि बिना 'स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम' (SMS) के चलने वाली हार्वेस्टर मशीनों को जब्त कर लिया जाएगा, और इस कार्रवाई के तहत एक ऐसी मशीन को जब्त भी किया जा चुका है। पिछले साल, जिले में पराली जलाने वाले किसानों पर कुल 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था और 12 से अधिक किसानों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। इस सख्त कदम का असर इस बार साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। जिले के 150 से अधिक बड़े किसानों ने पराली प्रबंधन के लिए 'हैप्पी सीडर' और 'सुपर सीडर' जैसी मशीनें खरीदी हैं, जिनके लिए सरकार सब्सिडी भी दे रही है।

आगामी दिन चुनौतीपूर्ण
उप संचालक कृषि भानु प्रताप शर्मा के मुताबिक, जिले में अभी केवल 30% धान की कटाई हुई है और 70% कटाई तथा गेहूं की बुवाई का समय अभी बाकी है। इसलिए आने वाले दिनों में पराली जलाने के मामलों में कुछ इजाफा हो सकता है। हालांकि, प्रशासन की सतर्कता और किसानों को अनुदान पर दी जा रही मशीनों के दम पर इस बार घटनाओं को न्यूनतम रखने की उम्मीद है।
Next Story