मध्य प्रदेश

दलालबाग में सात दिवसीय पंचकल्याणक महोत्सव का समापन हुआ

Admindelhi1
26 March 2024 6:01 AM GMT
दलालबाग में सात दिवसीय पंचकल्याणक महोत्सव का समापन हुआ
x

इंदौर: छत्रपति नगर स्थित दलालबाग में आयोजित सात दिवसीय पंचकल्याणक महोत्सव का समापन रविवार को हुआ। समापन अवसर पर गजरथ पर भव्य शोभायात्रा निकालने के साथ ही लाभार्थी परिवार ने पांच फीट की श्वेत वर्ण पाषाण की मुनि सुव्रतनाथ भगवान की प्रतिमा नूतन जिनालय में विराजित की। इसके साथ ही मानस्तंभ पर 15 तीर्थंकरों की प्रतिमा भी इंद्र-इंद्राणी व श्रावक-श्राविकाओं की मौजूदगी में स्थापित की। रविवार को हजारों समाजजन ने मौजूदगी दर्ज की।

प्रभु का मोक्षगमन, मोक्ष कल्याण पूजन हुआ

श्री आदिनाथ दिगंबर जैन धार्मिक एवं पारमार्थिक ट्रस्ट एवं पंचकल्याणक महोत्सव समिति मुख्य आयोजक सचिन जैन ने बताया कि मुनि विमल सागर महाराज एवं अनंत सागर महाराज के सान्निध्य एवं प्रतिष्ठाचार्य विनय भैया, अनिल भैया, अमित जैन के निर्देशन में पात्र शुद्धि, अभिषेक, शान्तिधारा, नित्यमह पूजन की विधियां हुई। इसके पश्चात प्रभु का मोक्षगमन, मोक्ष कल्याण पूजन के साथ ही मुनिश्री विमल सागर महाराज एवं अनंत सागर महाराज के प्रवचन हुए।

प्रवचनों के पश्चात विश्व शांति हेतु महायज्ञ में सैकड़ों इंद्र-इंद्राणियों सहित श्रावक-श्राविकाओं ने हवन कुंड में आहुतियां समर्पित की। सुबह 9 बजे दलालबाग से लाव-लश्कर के साथ छत्रपति नगर स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर तक गजरथ पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बैंड़-बाजे, घोड़े-बग्घी व ऊंट यात्रा के अग्र भाग में थे तो वहीं मध्य भाग में भजन गायक श्रद्धालुओं को भजनों पर थिरकने को विवश कर रहे थे। दलालबाग से नूतन जिनालय तक के मार्ग में अलग-अलग जगह पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर सभी की अगवानी की। मार्ग में रंगोली भी इस अवसर पर युवतियों द्वारा बनाई गई थी। जैसे गजरथ यात्रा नूतन जिनालय पहुंची, वहां सभी समाजजन ने मुनि सुव्रतनाथ भगवान के जयघोष के साथ पूरा परिसर गुजायमान कर दिया।

Next Story