मध्य प्रदेश

Seoni: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत

Admindelhi1
18 Oct 2024 4:48 AM GMT
Seoni: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत
x

सिवनी: सिवनी जिले में माता महाकाली की मूर्तियों के विसर्जन समारोह में दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। घटना करंट लगने की वजह से हुई है। घायलों और मृतकों को उपचार और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। करंट फैलने की वजह पता लगाई जा रही है।

करंट लगने से तीन मरे और पांच झुलसे: माता काली के मूर्ति विसर्जन समारोह में चारो तरफ खुशियों का माहौल था, लेकिन फिर देखते ही देखते पूरा माहौल चीख-पुकार और दर्दभरी आवाजों में तब्दील हो गया। दरअसल ट्राली पर माता काली की मूर्ति रखते समय हाइटेंशन तार (High tension wire) ट्राली के संपर्क में आ गया और देखते ही देखते कोहराम मच गया। ट्राली के संपर्क में आने वाले लोग बुरी तरह करंट की चपेट में आए। इसमें कई बच्चे में शामिल थे। मौके पर तुरंत बिजली सप्लाई बंद कराई गई और घायलों को लखनादौन सिविल अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने की जांच शुरू: अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। इधर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों का पोस्टमार्टम कराया और मामला दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ करना शुरू कर दिया। सिविल अस्पताल के बीएमओ बी एस सोलंकी ने बताया की गुरुवार एक ट्राला हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इस हादसे में करंट लगने से 8 लोग घायल हुए थे, जिसमे 3 की मौत हो गई है और बाकी 5 लोगों का उपचार किया जा रहा है।

सीएम ने दी 2-2 लाख की आर्थक सहायता: इधर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि सिवनी जिले की लखनादौन तहसील में ट्रैक्टर ट्रॉली के हाई टेंशन लाइन के चपेट में आने से 3 लोगों की करंट लगने से असामयिक मृत्यु का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। साथ ही मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना में घायलों के समुचित उपचार हेतु जिला प्रशासन को निर्देशित किया है।

Next Story