मध्य प्रदेश

भोपाल से लेकर गृह मंत्री के जिले तक बालिकाओं के चीत्कार - कमलनाथ

Rani Sahu
4 Sep 2023 3:20 PM GMT
भोपाल से लेकर गृह मंत्री के जिले तक बालिकाओं के चीत्कार - कमलनाथ
x
भोपाल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस का मौजूदा शिवराज सिंह चौहान सरकार पर जुबानी हमले जारी हैं। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा हमला बोला।
कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश की राजधानी भोपाल से लेकर गृह मंत्री के जिले दतिया तक समूचे प्रदेश में आज बेटियों की 'चीख और बलात्कार' की चीत्कार सुनाई देती है। मगर, प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान महिला अत्याचारों पर अपने कानों में रूई डाले, मूकदर्शक बने मुंह फेर कर बैठे हैं।
राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक दिन है, मेरे लिए भी ऐतिहासिक दिन है। कांग्रेस यदि मप्र में जीवित है तो कमलनाथ के कारण नहीं जो कार्यकर्ता सामने बैठे हैं, उनके कारण जीवित है।
बहुत से प्रदेश मैंने देखे पर ऐसा संगठन पूरे देश में नहीं है। आप संगठन की नीव हैं, मप्र कांग्रेस का संगठन सबसे मजबूत संगठन है। कांग्रेस की नींव ब्लाक कांग्रेस, मंडलम, सेक्टर के सदस्य हैं और ब्लॉक मंडल सेक्टर के कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। आप सब ही हमारा सुरक्षा कवच हैं। आपका प्रमुख कार्य अगले तीन महीने में मंडल सेक्टर की बैठक कर उनको प्रशिक्षित करना है। संगठन का यूनिट मंडल सेक्टर है।
कमलनाथ ने कहा कि कानून व्यवस्था औंधे मुंह पड़ी है, अपराधी और बलात्कारी बेखौफ हैं और शिवराज सरकार की आंखों पर पट्टी बंधी है। मप्र में 85 महिलाएं रोज अपराधियों का शिकार हो रही हैं। मप्र में 17 महिलाओं का रोज अपहरण हो रहा है। मप्र में आठ महिलाएं रोज बलात्कार का शिकार हो रही हैं। कंस मामा और उनकी सरकार ‘‘सत्ता की चादर’’ ओढ़कर गहरी नींद में सो रही है।
कमलनाथ ने कहा कि मैं प्रदेश की बेटियों को वचन देता हूं कि बलात्कारियों और अपराधियों के दिन लद गए हैं। उनकी जगह जेल की सलाखों के पीछे होगी, हम आपके आशीर्वाद से कांग्रेस सरकार बनाएंगे, महिला अपराधों की रोकथाम के लिए मध्यप्रदेश के हर थाने में एक विशेष सेल होगी, महिला अपराधों को रोकने के लिए विशेष अदालतें होंगी और प्रदेश में महिला सुरक्षा व महिला समृद्धि के नए युग की शुरुआत होगी।
कमलनाथ ने कहा कि आज यहां कोई ठेका अथवा कमीशन नहीं मिल रहा है, आपकी निष्ठा आपको यहां खीच कर लाई है, कांग्रेस में आपका जो विश्वास है आप किसी उम्मीदवार के नहीं, आप अपनी निष्ठा से कांग्रेस में हैं।
कमलनाथ ने कहा कि आज भ्रष्टाचार की व्यवस्था मप्र में बनी हुई है। हर व्यक्ति भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है। जनता सब समझ चुकी है। कांग्रेस की सरकार बनी थी, हमने वोट से सरकार बनाई थी, इन्होंने नोट से सरकार बनाई।
बैठक में कांग्रेस के महासचिव प्रभारी मप्र रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि हमें बूथ पर जाकर मजबूती से काम करना है।
Next Story