- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Sagar: सड़क सुरक्षा...
Sagar: सड़क सुरक्षा मित्रों द्वारा जागरूकता और निगरानी बढ़ेगी

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को शून्य पर लाने की दिशा में एक बड़ी पहल की है। केंद्र और राज्य सरकार के 'जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम' के तहत प्रदेश के जिन 6 जिलों का चयन हुआ है, उनमें सागर भी शामिल है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए जिले के दुर्घटना संभावित ग्रामीण क्षेत्रों से 246 सड़क सुरक्षा मित्रों का चयन किया गया है।
कल होगा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमजिला प्रशासन ने गुरुवार जानकारी दी कि इन चयनित सड़क सुरक्षा मित्रों के लिए 20 फरवरी 2026 को मोतीनगर स्थित पद्माकर सभागार में एक दिवसीय सघन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सागर कलेक्टर संदीप जीआर और विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक (SP) विकास शाहवाल उपस्थित रहेंगे।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली से 'सेव लाइफ फाउंडेशन' के विशेषज्ञ सागर पहुँच रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा मित्रों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी:
• राहगीर योजना: दुर्घटना के समय राहगीरों की भूमिका।
• कानूनी पहलू: 'गुड सेमेरिटन' (नेक मददगार) कानून की जानकारी।
• बेसिक ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट (BTLS): अस्पताल पहुँचने से पहले घायल की जान बचाने की तकनीक।
• ट्रैफिक नियम एवं मैकेनिज्म: यातायात उप पुलिस अधीक्षक और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) द्वारा नियमों और जिला स्तरीय समन्वय पर मार्गदर्शन।
प्रशिक्षण में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों का मौके पर ही पंजीयन कर उन्हें परिचय पत्र (ID Card) जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही, शासन की ओर से उन्हें निम्नलिखित सामग्री निःशुल्क प्रदान की जाएगी:
• चयन पत्र
• आईएसआई (ISI) मार्क हेलमेट
• हाई-विजिबिलिटी सेफ्टी जैकेट
• विशेष कैप
प्रशिक्षण के तुरंत बाद इन सड़क सुरक्षा मित्रों को जिले के सर्वाधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (Black Spots) में तैनात किया जाएगा। ये मित्र न केवल दुर्घटना के समय मदद करेंगे, बल्कि उन सड़कों की खामियों पर एक प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी तैयार करेंगे। इस रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विभागों द्वारा सड़कों का रेक्टीफिकेशन (सुधार कार्य) किया जाएगा ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं को जड़ से खत्म किया जा सके।





