मध्य प्रदेश

ग्रामीण बिजली उपभोक्ताओं को राहत, न्यूनतम शुल्क पर मिले कनेक्शन

Admindelhi1
31 Oct 2026 1:05 PM IST
ग्रामीण बिजली उपभोक्ताओं को राहत, न्यूनतम शुल्क पर मिले कनेक्शन
x
महज 5 रुपये में ग्रामीणों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की पहल

भोपाल: मध्य प्रदेश में राज्य सरकार द्वारा घोषित ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ की मूल भावना के अनुरूप मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा किसानों को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा गया है।

जनसम्पर्क अधिकारी राजेश पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि ग्रामीण परिवारों एवं किसानों के सशक्तिकरण के लिए अभिनव योजना के अंतर्गत मात्र 5 रुपये में स्थायी घरेलू एवं कृषि पंप विद्युत कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। अब तक 2.56 लाख ग्रामीण उपभोक्ताओं को नवीन विद्युत कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जिनमें 1.30 लाख कृषि पंप एवं 1.25 लाख घरेलू उपभोक्ता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त बीपीएल श्रेणी के 12,251 उपभोक्ताओं को भी मात्र मात्र 5 रुपये में बिजली कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा किसानों को सुगम एवं विश्वसनीय सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘स्वयं का ट्रांसफार्मर’ योजना का भी प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 1.50 लाख से अधिक कृषकों को लाभान्वित किया गया है। योजना से किसानों के कृषि पंपों के लिए अधिक विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कृषि क्षेत्र की विद्युत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्युत अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं उपभोक्ता सुविधाओं के विस्तार का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराकर उनकी सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा ग्रामीण परिवारों को सरल एवं सुगम विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराना है।

Next Story