मध्य प्रदेश

Rewa: रीवा में राजनीतिक हलचल, तिवारी का इस्तीफा

Admindelhi1
5 Feb 2026 6:39 PM IST
Rewa: रीवा में राजनीतिक हलचल, तिवारी का इस्तीफा
x

रीवा: रीवा में कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। मऊगंज से पूर्व विधायक लक्ष्मण तिवारी ने आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। अपने त्यागपत्र में लक्ष्मण तिवारी ने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि कांग्रेस में गुटबाज़ी हावी हो चुकी है, जिससे जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है।

पहले भी कर चुके हैं दलबदल

लक्ष्मण तिवारी ने लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस का दामन थामा था. इससे पहले वे अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े रहे हैं. पिछला विधानसभा चुनाव उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर सिरमौर से लड़ा था. हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. राजनीतिक गलियारों में उन्हें कभी उमा भारती के करीबी नेताओं में भी गिना जाता था. वे खुद को लंबे समय से सक्रिय और अनुभवी नेता बताते हैं.

‘अब पुराने तेवर में करूंगा राजनीति'

इस्तीफे के साथ ही लक्ष्मण तिवारी ने संकेत दिए कि अब वे पहले की तरह आक्रामक अंदाज में राजनीति करेंगे. उन्होंने कहा कि वे किसी समय एक राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और जानते हैं कि संगठन कैसे चलाया जाता है और राजनीतिक लड़ाई कैसे लड़ी जाती है. उनके इस बयान को आने वाले समय में किसी नए राजनीतिक समीकरण या मोर्चे की तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है.

लक्ष्मण तिवारी के इस्तीफे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वे आगे किस राजनीतिक दल या मंच के साथ नजर आएंगे. क्या वे फिर किसी बड़ी पार्टी का रुख करेंगे या क्षेत्रीय राजनीति में नई भूमिका तलाशेंगे. इस पर सबकी नजरें टिकी हैं. फिलहाल, कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और गुटबाजी के आरोपों ने एक बार फिर संगठनात्मक एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Next Story