मध्य प्रदेश

Rajgarh: ताला तोड़कर घर में घुसे चोर, सोने-चांदी के आभूषण चोरी

Admindelhi1
15 Sept 2026 1:29 PM IST
Rajgarh: ताला तोड़कर घर में घुसे चोर, सोने-चांदी के आभूषण चोरी
x
चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़ा, गहने लेकर हुए फरार

राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में सोमवार शाम चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। बदमाश मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और पलंग पेटी में रखे करीब तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य गांव में स्थित दूसरे मकान पर गए हुए थे।

जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे स्थित मकान संजय पुत्र प्रेमनारायण यादव का है। सोमवार शाम परिवार के सदस्य मकान पर ताला लगाकर दूसरे घर चले गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश किया। इसके बाद पलंग पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे मंगलसूत्र, सोने का ताबीज, चांदी की पायल सहित अन्य जेवर चोरी कर लिए। चोरों ने घर के बाहर स्थित दुकान में रखा सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया। परिवार के लौटने पर चोरी की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान पुलिस को चोरों की चप्पलें भी मिली हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने दरवाजे, पलंग पेटी सहित अन्य स्थानों से संभावित फिंगरप्रिंट और दूसरे साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Next Story