मध्य प्रदेश

राजगढ़: ससुरालपक्ष पर पांच महिलाओं ने लगाए प्रताड़ना व मारपीट के आरोप

Admin Delhi 1
5 March 2022 8:16 AM GMT
राजगढ़: ससुरालपक्ष पर पांच महिलाओं ने लगाए प्रताड़ना व मारपीट के आरोप
x

मध्य प्रदेश: तलेन थाना क्षेत्र के ग्राम सेहतखेड़ी में रहने वाली 25 वर्षीय महिला ने पति,सास और ससुर पर दहेज की मांग कर प्रताड़ित कर परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं खुजनेर थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय महिला ने पति और उसकी दूसरी पत्नी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। कुरावर थाना क्षेत्र के नवीन काॅलोनी में रहने वाली 40 वर्षीय महिला ने पति पर और राजगढ़ थाना क्षेत्र के रावतपुरा में रहने वाली महिला ने पति और सास पर प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्जनपुरा में रहने वाली 22 वर्षीय महिला ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने व झगड़ा के तहत रुपयों की मांग कर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तलेन थानाप्रभाारी यूएस.मुकाती के अनुसार ग्राम सेहतखेड़ी निवासी 24 वर्षीय आरती ने बताया कि पति राहुल, सास कृष्णाबाई और ससुर दहेज की मांग कर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 498ए, 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। खुजनेर थानाप्रभारी रजनीश सिरोठिया के अनुसार सूरजपोल नरसिंहगढ़ निवासी 24 वर्षीय रानू यादव ने बताया कि पति राहुल ने बिना सूचना दिए दूसरा विवाह कर लिया। उसके बाद पति राहुल और उसकी दूसरी पत्नी मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 498ए, 494 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कुरावर थानाप्रभारी आरएस.सक्तावत के अनुसार नवीन काॅलोनी निवासी 40 वर्षीय विमलाबाई ठाकुर ने बताया कि पति देवीसिंह पुत्र अनोखीलाल ठाकुर दहेज की मांग कर प्रताड़ित करता है और विरोध करने पर गालियां देते हुए आए दिन मारपीट करता है। पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ धारा 498ए, 294, 506 के तहत प्रकरण दर्ज किया। खिलचीपुर थानाप्रभारी प्रदीप गोलिया के अनुसार ग्राम दुर्जनपुरा निवासी 22 वर्षीय कबिताबाई अहिरवार ने बताया कि पति तूफानसिंह, ससुर गंगाराम अहिरवार निवासी झालावाड़ ने दहेज की मांग कर प्रताड़ित किया, जिसके चलते मायके में रहने लगी। अब वह झगड़ा प्रथा के तहत रुपयों की मांग कर मारपीट कर रहे हैं व जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 498ए, 384, 294, 323 के तहत प्रकरण दर्ज किया। राजगढ़ कोतवाली थानाप्रभारी ने बताया कि ग्राम रावतपुरा निवासी 25 वर्षीय सीमाबाई ने बताया कि पति नारायणसिंह पुत्र लक्ष्मणसिंह और सास बसंतीबाई दहेज की मांग कर प्रताड़ित कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

Next Story