मध्य प्रदेश

Rajgarh: डिवाइडर से टकराई कार, राजगढ़ में सड़क हादसे में दो की जान गई

Tara Tandi
13 July 2025 2:28 PM IST
Rajgarh: डिवाइडर से टकराई कार, राजगढ़ में सड़क हादसे में दो की जान गई
x
Rajgarh राजगढ़: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार देर रात हुए इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर पचोर के देहरी जोड़ ओवरब्रिज के पास हुआ।
झपकी आने से हुआ हादसा
बता दें कि पचोर थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना तब हुई जब कार देहरी जोड़ ओवरब्रिज पर पहुंची थी। उसी दौरान चालक को झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मुकेश बारेला (28 वर्ष) और देवेंद्र बारेला (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल पांच अन्य लोगों को पहले पचोर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सभी घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे
थाना प्रभारी ने बताया कि कार में सवार सभी लोग गुना जिले के बमोरी तहसील के मैदा और माना गांव के निवासी थे। वे बड़वानी जिले के पानसेमल में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
मामला दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने मृतकों के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। साथ ही, पचोर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Next Story