- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- 24 घंटे में पीटीआरआइ...
मध्य प्रदेश
24 घंटे में पीटीआरआइ की टीम दुर्घटना स्थल में पहुंची, जांच जारी
Shantanu Roy
28 May 2022 3:52 PM IST

x
ग्वालियर। चितौरा रोड़ पर गुरुवार को बोलेरो से कुचलकर हुई पांच लोगों की मौत के बाद घटना के वास्तविक कारणों व चूक का पता लगाने के लिए पीटीआरआइ की एक टीम भोपाल से आई है। इस टीम ने शुक्रवार की दोपहर को ट्रैफिक पुलिस व बिजौली थाना प्रभारी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस टीम ने गाड़ी की स्पीड का पता लगाने के लिये सर्च किया। गाड़ी के टायर मार्क देखे।
घटनास्थल का मौका नक्शा बनाया। टीम ने जिला पुलिस से मृतकों की पीएम रिपोर्ट मांगी है। गुरुवार की दोपहर को उत्तमपुरा निवासी राजाबेटी, उसकी बहू राजाबेटी व पौती रेशम व पुनम के साथ रिश्तेदार पप्पू जाटव की तेज रफ्तार से आई बोलेरो से कुचलकर मौत हो गई थी। आक्रोशित स्वजन व क्षेत्र के लोगों ने छह घंटे तक हाइवे पर जाम लगाकर रखा था।
पुलिस सीसीटीवी कैमरे से पहचान कर बोलेरो को गौतम नगर थाटीपुर से जब्त कर चालक रामाकांत जाटव को गिरफ्तार कर लिया था। एएसपी अभिनव चौकसे ने बताया कि पीटीआरआइ की एक टीम एसपी रैंक के अधिकारी के साथ पड़ताल करने आई थी। घटनास्थल को देखा है। यह दुर्घटना के कारण के साथ अपनी रिपोर्ट में यह भी बताएगी कि भविष्य में इस तरह के हादसे नहीं हो। इसके लिये क्या उपाय किए जाएं।
सिपाही को एसएसपी ने किया बर्खास्त
लोगों से लाखों रुपये उधार लेकर फरार हुए सिपाही को एसएसपी अमित सांघी ने बर्खास्त कर दिया है। सिपाही पर बहोड़ापुर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ। इसके बाद से वह गैरहाजिर चल रहा था। उसे कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन वह हाजिर नहीं हुआ। इसके चलते एसएसपी अमित सांघी ने शुक्रवार को उसे बर्खास्त कर दिया। इस संबंध में शुक्रवार रात को आदेश जारी हुए।
दरअसल पुलिस लाइन में पदस्थ सिपाही संजीव कुमार ने कई लोगों से व्यापार के लिए जरूरत होने की बात कहकर पैसे उधार लिए। इसके अलावा कई लोगों का पैसा व्यापार में लगाकर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इस तरह वह कई लोगों को ठगकर भाग गया। जब लोगों को पता लगा तो उन्होंने बहोड़ापुर थाने में शिकायत की। बहोड़ापुर थाना पुलिस ने उस पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। एफआइआर होने के बाद वह ड्यूटी पर भी नहीं गया। लंबे समय से गैरहाजिर चलने पर उसे नोटिस जारी किए गए।
Next Story





