मध्य प्रदेश

प्रापर्टी डीलर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में ससुराल पक्ष और पत्नी पर प्रताड़ित करने का आरोप

Kunti Dhruw
20 April 2022 4:44 PM GMT
प्रापर्टी डीलर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में ससुराल पक्ष और पत्नी पर प्रताड़ित करने का आरोप
x
राजधानी भोपाल में 36 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर विनय रजक ने ससुराल और पत्नी से प्रताड़ित होकर आत्महत्या कर ली।

राजधानी भोपाल में 36 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर विनय रजक ने ससुराल और पत्नी से प्रताड़ित होकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने परिजनों के वाट्सएप ग्रुप में सुसाइड नोट और वीडियो शेयर कर ससुराल पक्ष और पत्नी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मृतक ने इंसाफ दिलाने की बात लिखकर कहा कि मुझे इंसाफ नहीं मिला तो मेरी आत्मा भटकती रहेगी।

जानकारी के अनुसार विनय रजक ने 14 साल पहले बागसेवनिया निवासी ब्यूटीशियन आरती कुशवाह से लव मैरिज की थी। दोनों की 12 साल और 7 साल की दो बेटियां है। जनवरी में आरती अपनी दोनों बेटियों के साथ मायके चली गई। उसने विनय के पास आने से मना कर दिया। बुधवार को विनय ने घर पर फंदे पर लटक गया। इससे पहले उसने परिवार के वाट्सएप ग्रुप पर सुसाइड नोट और वीडियो शेयर किया। इसके बाद परिजन पड़ोसियों के साथ विनय को देखने पहुंचे तो वह फंदे पर लटका था, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल में रखवा दिया। फिलहाल पुलिस परिजनों के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।

सुसाइड नोट में ससुराल पक्ष पर आरोप
विनय ने अपने सुसाइड नोट और वीडियों में ससुराल पक्ष ससुर, सास और साले और पत्नी पर प्रताड़ित करने और दोनों बच्चियों से दूर करने का आरोप लगाया। उसने ससुराल पक्ष की वजह से आत्महत्या करने की बात कही है। मुझे इंसाफ चाहिए। यदि मुझे इंसाफ नहीं मिला तो मेरी आत्मा भटकती रहेगी। मैं जीना चाहता था।
बच्चियों से बात नहीं होने से तनाव में रह रहा था
परिजनों का आरोप है कि दोनों के बीच दो से तीन साल से मनमुटाव चल रहा था। दोनों की सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन नहीं हुई। विनय के परिजनों का कहना है कि विनय को आरती ने मार्च में तलाक का नोटिस भेजा था। बच्चों से बातचीत भी बंद करा दी थी। इससे वह ज्यादा तनाव में रहने लगा था।


Next Story