मध्य प्रदेश

महाकाल मंदिर में नेपाल के प्रधानमंत्री ने की पूजा अर्चना

mukeshwari
2 Jun 2023 3:48 PM GMT
महाकाल मंदिर में नेपाल के प्रधानमंत्री ने की पूजा अर्चना
x

इंदौर/उज्जैन। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' दो दिवसीय प्रवास पर इंदौर पहुंचे। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका भव्य स्वागत किया। नेपाल के प्रधानमंत्री उसके बाद उज्जैन पहुंचे जहां उन्होंने महाकाल मंदिर में पूजा-अर्चना की और महाकाल लोक का जायजा लिया। इंदौर में परंपरागत तरीके से उनका स्वागत किया गया। नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड ने कहा कि ऐसा लग ही नहीं रहा है कि वे उनसे पहली बार मिले हैं। प्रधानमंत्री प्रचंड के साथ अन्य अतिथियों में गंगा दहल, नेपाल के विदेश मंत्री नारायण प्रकाश सोद तथा अन्य मंत्रीगण और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भारत और नेपाल अत्यंत प्राचीन राष्ट्र हैं। दोनों भले ही दो शरीर हों पर सांस्कृतिक रूप से वे एक हैं। दोनों का सांस्कृतिक वैभव, सभ्यता और संस्कार एक जैसे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध आने वाले दिनों में और भी प्रगाढ़ होंगे।

नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड के इंदौर आगमन पर मध्यप्रदेश की सांस्कृति का प्रदर्शन किया गया। निमाड़ का गणगौर और साथ में भगोरिया के उल्लासपूर्ण नृत्य के साथ अतिथियों का स्वागत किया। इंदौर के युवाओं के श्री स्वर ध्वज पथक के 50 सदस्यीय दल ने ढोल-तासों और केसरिया ध्वज के साथ उद्घोष करते हुए प्रचंड का स्वागत किया। बालिकाओं द्वारा स्वागत में कथक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।

प्रधानमंत्री प्रचंड इंदौर हवाई अड्डे के वीआईपी लाउंज में जन-प्रतिनिधियों से भी मिले और इंदौर के पोहे और समोसे का भी स्वाद लिया। मुख्यमंत्री चौहान ने उन्हें इंदौर की विशेषताओं से अवगत कराया। प्रचंड के उज्जैन रवाना होने के बाद मुख्यमंत्री एयरपोर्ट परिसर में उपस्थित नेपाली मूल के नागरिकों से मिले और सांस्कृतिक प्रस्तुति देने आए विभिन्न दलों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन को सराहा।

उज्जैन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल के साथ उन्होने महाकाल मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने उज्जैन में महाकाल लोक का ई-कार्ट से भ्रमण किया। महाकाल लोक की विशेषताओं के बारे में उन्हें राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा जानकारी दी गई।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story