- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- समय से पहले आ धमकी...
ग्वालियर। चल में अमूमन हल्की ठंड होली तक रहती है लेकिन इस बार महाशिवरात्रि के बाद ही गर्मी ने दस्तक दे दी है. पिछले दो दिन से अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हो रहा है. मंगलवार को न्यूनतम तापमान भी 15.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इसके बाद तापमान में फिर से उछाल आएगा.
ग्वालियर (Gwalior) में फरवरी के पहले दिन से ही मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर चला लेकिन महाशिवरात्रि के बाद मौसम ने ऐसी पलटी मारी कि सब हैरान रह गए. एक ओर सूरज की तपन बढ़ने लगी है तो दूसरी ओर हवा से नमी लगभग गायब हो चुकी है. इस वजह से दिन में गर्मी का नामोनिशान नहीं बचा है बल्कि दोपहर में गर्मी महसूस होने लगी है. हालांकि देर रात में हल्की ठंड अभी बनी हुई है. ऐसे में मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाने से लोगों को पंखा व कूलर आदि का सहारा लेना पड़ रहा है. स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि राजस्थान (Rajasthan) के दक्षिणी भाग में बना प्रति चक्रवात समाप्त हो गया है और हिमालय में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी अब आगे बढ़ गया है. इसके फलस्वरूप अब अगले दो दिन तक उत्तर से ठंडी व शुष्क हवाएं आएंगी. जिससे दिन व रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है. चूंकि 26 फरवरी को हिमालय में एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा. इसके प्रभाव से हवाओं की दिशा बदलकर फिर से दक्षिणी हो जाएगी. जिससे दिन व रात के तापमान में फिर से उछाल आएगा. संभवत: फरवरी अंत तक रात में भी गर्मी की शुरुआत हो जाएगी.
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा मंगलवार (Tuesday) को अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 6.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. आज सुबह हवा में नमी 44 और शाम को 31 प्रतिशत दर्ज की गई.





