मध्य प्रदेश

देश में नौ साल में गरीबी 22 से घटकर 10 फीसदी हुई : नड्डा

Rani Sahu
26 Jun 2023 6:13 PM GMT
देश में नौ साल में गरीबी 22 से घटकर 10 फीसदी हुई : नड्डा
x
भोपाल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते नौ सालों में देश का दुनिया में मान बढ़ा है। वहीं, गरीबी 22 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत रह गई है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल आगमन पर सोमवार को स्टेट हैंगर में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, आज अमेरिका और भारत के रिश्ते आसमान छू रहे हैं। मिस्र ने अपना सर्वोच्च सम्मान देकर प्रधानमंत्री मोदी को सम्मानित किया है। आज हमारी विचारधारा को मजबूत करने, भारत को शक्तिशाली बनाने, देश को विकसित भारत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की गरीबी पिछले नौ सालों में 22 प्रतिशत से कम होकर 10 प्रतिशत रह गई है। भारत की अति गरीबी एक प्रतिशत से भी कम हो गई है। ये कांग्रेस पार्टी के लोग जो पढ़ते-लिखते कम हैं, इनको मालूम नहीं है कि मॉडर्न स्ट्रेट की रिपोर्ट बताती है कि आज सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था भारत की है। अमेरिका की विकास दर 7.9 पर है, जबकि भारत 8.10 प्रतिशत से आगे बढ़ गया है।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का मान और सम्मान बढ़ा है। आज दुनिया को भारत से सबसे अधिक उम्मीद है। राजधानी में प्रधानमंत्री मोदी के प्रवास को लेकर नड्डा ने कहा, हम सबका सौभाग्य है कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' के तहत करोड़ों कार्यकर्ताओं का डिजिटली मार्गदर्शन करेंगे। देश के 10 लाख बूथ पर टेलीविजन, लैपटॉप, फेसबुक के माध्यम से बूथ कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के संवाद से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री भोपाल में तीन हजार बूथ के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे, प्रश्न भी पूछेंगे और जवाब भी देंगे। यह कार्यक्रम संगठन का अलग और बड़ा आयोजन है, जिसमें हर कार्यकर्ता संकल्प लेकर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा, प्रदेश में हमारी सरकार है, शिवराज जैसे मुख्यमंत्री दिन-रात काम कर रहे हैं। मजबूत संगठन है, आपकी सरकार है, आपके लोग हैं, नगरीय निकाय आपके हैं। आज यह संकल्प लें कि सरकार की योजनाएं और संगठन के विचारों को घर-घर पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर प्रदेश में चलाए गए महाभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार व पार्टी कार्यकर्ताओं ने विकास को जमीन पर उतारने का काम किया है। इसके लिए मैं आप सभी को बधाई देता हूं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत करते हुए कहा कि हम सभी कार्यकर्ता संकल्प लेते हैं कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की रिकॉर्ड तोड़ बहुमत से सरकार बनाएंगे। 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश से सभी 29 लोकसभा सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मध्य प्रदेश संगठन की दृष्टि से मजबूत प्रदेश है। यह सब पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण भाव से संभव हुआ है। हमारे कार्यकर्ताओं ने बूथ डिजिटलाइजेशन करके देश के नंबर वन प्रदेश बने हैं।
Next Story