मध्य प्रदेश

ग्लोबल कॉलेज चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
3 Oct 2026 11:56 AM IST
ग्लोबल कॉलेज चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार
x
स्कूटर की डिक्की तोड़कर मोबाइल-नकदी चोरी, आरोपी दबोचा

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित ग्लोबल कॉलेज में टीसीए आईओएन लैब की परीक्षा में शामिल होने पहुंचे परीक्षार्थियों के स्कूटर की डिक्की से मोबाइल और नकदी चोरी करने वाले आरोपी को माढ़ोताल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 6 मोबाइल, सोने जैसी धातु का लॉकेट, 17 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड, वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक और मास्टर चाबियां बरामद की हैं।

माढ़ोताल पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मामले की जांच के दौरान ग्लोबल कॉलेज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर लमती निवासी प्रतीक सोनी उर्फ गोलू को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पल्सर बाइक से ग्लोबल कॉलेज के पास पहुंचा था। उसने मास्टर चाबियों की मदद से करीब 8 से 10 खड़े स्कूटरों के लॉक खोलने का प्रयास किया, जिनमें से 5-6 वाहनों के लॉक खुल गए। इसके बाद आरोपी ने स्कूटरों की डिक्कियों से 6 मोबाइल, सोने जैसा लॉकेट, एटीएम कार्ड और 7,500 रुपये नकद चोरी किए। पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए एटीएम कार्ड के जरिए आरोपी ने एटीएम से 10 हजार रुपये और निकाले।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 6 मोबाइल, लॉकेट, 17 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक क्रमांक MP 20 MH 9483 और मास्टर चाबियां जब्त की हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रतीक सोनी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट और चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Next Story