मध्य प्रदेश

बिना सूचना कांग्रेस कार्यालय में घुसी पुलिस, दिग्विजय सिंह का आरोप

Rani Sahu
6 Aug 2022 6:14 PM GMT
बिना सूचना कांग्रेस कार्यालय में घुसी पुलिस, दिग्विजय सिंह का आरोप
x
बिना सूचना कांग्रेस कार्यालय में घुसी पुलिस
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत बीते चार दिनों से भोपाल में हैं। शुक्रवार को वे होशंगाबाद रोड स्थित बंसल कॉलेज में विश्व संघ शिक्षा वर्ग में शामिल हुए। इससे पहले उन्होंने आरजीपीवी में विश्व हिन्दू परिषद के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ विचार मंथन किया। विश्व संघ शिक्षा वर्ग का समापन समारोह पीपुल्स मेडिकल कॉलेज में होगा। इस कार्यक्रम में संघ प्रमुख शाम 5 बजे शामिल होंगे। इस वर्ग का उद्घाटन संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने किया था।
संघ प्रमुख को किताब देने जा रहीं संगीता शर्मा को पीसीसी में रोका
कांग्रेस मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को पीपुल्स मॉल में जाकर तिरंगा और किताब भेंट करने का ऐलान किया है। वे पीसीसी से रवाना हुई लेकिन व्यापमं चौराहे पर ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद पुलिस उन्हें वापस पीसीसी ले आई। यहां मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा के कक्ष में पुलिस अधिकारी उन्हें रोके बैठे हैं। संगीता शर्मा ने कहा मेरे कक्ष में पुलिस की तैनाती कर दी गई है। कार्यालय के बाहर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। मुझे अपने कक्ष से निकलने नहीं दिया जा रहा है। मैं मध्य प्रदेश की जनता से पूछना चाहती हूं कि क्या देश की आजादी की हीरक जयंती के अवसर पर संविधान को मानने वाली एक नागरिक को इस तरह से पुलिस के पहरे में रखना संविधान के अनुकूल है। क्या आजाद भारत में देश का राष्ट्र ध्वज तिरंगा किसी को भेंट करना अपराध है। आजाद भारत में स्वतंत्रता दिवस के पहले आम जनता की आजादी पर पुलिस का पहरा बैठाना क्या सच्ची आजादी है। लेकिन मैं डरूंगी नहीं और राष्ट्रध्वज तिरंगा सम्मान पूर्वक भेंट करके ही रहूंगी। मैं आजादी की दूसरी लड़ाई के लिए तैयार हूं। कांग्रेस नेताओं को पीसीसी में नजरबंद करने पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सरकार पर निशाना साधा है।
कमलनाथ ने पूछा क्या तिरंगा भेंट करना अपराध है?
संघ प्रमुख को तिरंगा भेंट करने का ऐलान करने के बाद पुलिस अफसरों ने पीसीसी में कांग्रेस नेताओं को नजरबंद कर दिया। पुलिस के पीसीसी में पहरा लगाने पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया है। पीसीसी चीफ ने लिखा- जब पूरा देश आजादी की हीरक जयंती मना रहा है, तब मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को तिरंगा भेंट करने से रोक रही है। संगीता शर्मा और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता आज संघ प्रमुख को तिरंगा भेंट कर रहे थे ताकि उनके अंदर भी राष्ट्रवाद की भावना जागृत हो सके। लेकिन इस कदम का स्वागत करने के बजाए सुबह से ही मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को पुलिस ने घेर लिया। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का रास्ता रोक लिया और तिरंगा भेंट नहीं करने दिया। मैं मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं कि आजाद भारत में क्या भाजपा की सरकार में राष्ट्रध्वज भेंट करना अपराध है?
दिग्गी ने ट्वीट कर उठाए सवाल
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने संगीता शर्मा को पीसीसी में रोकने के मामले पर पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। दिग्गी ने लिखा मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में बिना किसी सूचना के घुसी पुलिस। कांग्रेसी मीडिया उपाध्यक्ष संगीता शर्मा आज आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को राष्ट्रध्वज तिरंगा भेंट करने जा रही हैं। तिरंगा भेंट करने से पहले ही संगीता शर्मा के कक्ष में पहुंच गई पुलिस। मीडिया अध्यक्ष केके मिश्रा के कमरे में भी पुलिस तैनात। पीसीसी के बाहर भी पुलिस तैनात। आजादी के अमृत महोत्सव में तिरंगा भेंट करना भी हो गया गुनाह।
13 देशों के संघ कार्यकर्ता हो रहे शामिल
भोपाल में आयोजित हो रहे 21 दिवसीय वर्ग में 13 देशों के 53 कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। इस वर्ग में दुनिया भर में आरएसएस के अलग-अलग संगठनों में काम कर रहे प्रवासी भारतीय शामिल हुए हैं। इस कार्यक्रम में संघ के मध्य भारत प्रान्त के संघचालक अशोक पांडे, भोपाल विभाग संघचालक डॉ. राजेश सेठी, वर्ग के सर्वाधिकारी मुंबई के डॉ. सतीश मोड़, विश्व विभाग संयोजक सौमित्र गोखले और क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते भी शामिल हुए।
किन संगठनों के कार्यकर्ता हो रहे शामिल
राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में हिन्दू स्वयंसेवक संघ, सेवा इंटरनेशनल, फ्रेंड्स ऑफ़ इंडिया, हिन्दू युवा जैसे विविध देशों में हिन्दू संस्कृति संवर्धन के कार्यों से जुड़े, 13 देशों के 53 कार्यकर्ता इसमें भाग ले रहे हैं। इनमें कनाडा, यूएसए, यूके और थाईलैंड जैसे देशों से आये हुए कार्यकर्ता शामिल हैं। इस शिविर में कार्यकर्ता योग और भारतीय खेल का भी प्रशिक्षण करेंगे। भारत के गौरवशाली इतिहास, भारतीय दर्शन का परिचय, विदेश में रहते समय नई पीढ़ी के सामने आह्वान जैसे विषयों पर चर्चा के साथ ही मध्य प्रदेश के सांस्कृतिक परिचय के कार्यक्रमों भी आयोजित किए गए हैं। वर्ग में सांस्कृतिक प्रदर्शनी, ग्रामदर्शन, मातृ हस्ते भोजन जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। वर्ग का समापन समारोह शनिवार 6 अगस्त को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की उपस्थिति में होगा। पीपुल्स मेडिकल कॉलेज में यह कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है।
Rani Sahu

Rani Sahu

    Next Story