मध्य प्रदेश

पुलिस कमिश्नर का सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर निर्देश, कोर्ट के सुझाव पर उठाया कदम

SHIDDHANT
29 Sept 2025 11:47 PM IST
पुलिस कमिश्नर का सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर निर्देश, कोर्ट के सुझाव पर उठाया कदम
x
Madhya Pradesh मध्य प्रदेश : हाईकोर्ट द्वारा पुलिसकर्मियों के ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर रोक लगाने के सुझाव के बाद, भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर अहम बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों का सोशल मीडिया का अनुचित उपयोग पुलिस की छवि और कार्य प्रणाली दोनों के लिए नुकसानदेह है। पुलिस कमिश्नर ने कहा, "अपराधों के साथ-साथ हमारे आम जीवन में भी सोशल मीडिया का प्रभाव बढ़ गया है। सोशल मीडिया के उपयोग से सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह के प्रभाव देखने को मिलते हैं। पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से निर्देशित किया जाता है कि वे ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया का उपयोग न करें।"
उन्होंने आगे बताया कि ड्यूटी के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर ऐसे रील्स या सामग्री न डाले जिससे पुलिस की छवि धूमिल हो या जो पुलिस की मर्यादाओं के खिलाफ हो। साथ ही ऐसी सामग्री पुलिस के काम को भी प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा, "इन बातों को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों को बार-बार निर्देशित किया जाता है कि वे सोशल मीडिया का सीमित और जिम्मेदाराना उपयोग करें। यदि कोई पुलिसकर्मी इन निर्देशों का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।"
पुलिस कमिश्नर ने सोशल मीडिया के महत्व को भी स्वीकार किया और कहा, "सोशल मीडिया आज के समय में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी टूल है। कई बार पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान इसका प्रयोग करते हैं, लेकिन इसके कुछ नकारात्मक पहलू भी हैं। खासकर कुछ एप्लिकेशन का ऐसा उपयोग हो जाता है कि पुलिसकर्मी शारीरिक रूप से तो ड्यूटी पर होते हैं, लेकिन मानसिक रूप से सोशल मीडिया के रील्स और एप्लिकेशन में खोए रहते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को बार-बार हिदायत दी जाती है कि वे ड्यूटी के दौरान अनावश्यक सोशल मीडिया का उपयोग न करें। मिश्रा ने कहा, "अगर कोई व्यक्तिगत पोस्ट करता है, तो वह मर्यादा और गरिमा का पालन करे।"
Next Story