मध्य प्रदेश

PM Modi ने जिम्मेदार और रिपोर्ट कॉर्ड वाली सरकारों का दौर शुरू किया : जेपी नड्डा

SHIDDHANT
25 Aug 2025 8:41 PM IST
PM Modi ने जिम्मेदार और रिपोर्ट कॉर्ड वाली सरकारों का दौर शुरू किया : जेपी नड्डा
x

JABALPUR जबलपुर, मध्यप्रदेश: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को जबलपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और उनके नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 'डेड लीडर' को देश की अर्थव्यवस्था 'डेड' नजर आती है, जबकि भारत तेजी से दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को “रिस्पांसिबल, रिस्पांसिव और रिपोर्ट कार्ड वाली” बताते हुए कहा कि 2014 के बाद भारतीय राजनीति में सकारात्मक बदलाव आया है। जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे जनता को भाजपा और कांग्रेस के बीच के अंतर को स्पष्ट रूप से समझाएं। उन्होंने कहा कि देश के लिए कांग्रेस अमावस्या है, जबकि भाजपा पूर्णमासी। जनता को यह समझाने की जरूरत है कि भाजपा सरकार सभी वर्गों और समुदायों के लिए काम कर रही है।

नड्डा ने बताया कि भाजपा देश का एकमात्र वैचारिक दल है, जिसने सत्ता के लिए कभी समझौते नहीं किए और अपने मूल मार्ग से कभी विचलित नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पहले सरकारें किसी विशेष जाति, समुदाय या क्षेत्र की होती थीं, लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ जवाबदेह सरकार की परंपरा शुरू की। भाजपा अध्यक्ष ने राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक कानून और वक्फ बोर्ड एक्ट को उदाहरण के तौर पर पेश करते हुए बताया कि पार्टी ने हमेशा अपने वादों पर काम किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल देश को कमजोर करने वालों के साथ खड़ा रहता है, जबकि भाजपा देश को मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत है।

जेपी नड्डा ने आपातकाल काल और कानूनों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पहले प्रधानमंत्री और लोकसभा स्पीकर पर कानून लागू नहीं होता था, लेकिन मोदी सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि अगर कोई मंत्री या मुख्यमंत्री 30 दिन तक जेल में रहे तो 31वें दिन पद छोड़ना पड़े। उन्होंने विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए कहा कि आतंकवाद के मामले में भी कांग्रेस शासनकाल में असफल रही, जबकि वर्तमान सरकार इसे नियंत्रित कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता को बार-बार भाजपा और कांग्रेस के अंतर की जानकारी दें और देश के विकास व सुरक्षा में भाजपा की उपलब्धियों को उजागर करें। नड्डा ने कहा कि भाजपा देश में संगठन, राष्ट्रीयता और नीति के मामले में अद्वितीय है, और जनता जल्द ही इसका मूल्यांकन करेगी।

Next Story