- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Pithampur : वेस्ट...
Pithampur : वेस्ट डिस्पोजल प्लांट में भीषण आग, धमाकों से फैली दहशत

Madhya Pradesh मध्य प्रदेश : धार जिले के पीथमपुर सेक्टर 3 में मंगलवार देर रात एक वेस्ट डिस्पोजल प्लांट में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने से पहले जोरदार धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिसके बाद आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी फैल गई।
यह घटना सेक्टर 3, बगदून क्षेत्र में स्थित हज़ारगो वेस्ट प्लांट में हुई, जहां आसपास कई औद्योगिक इकाइयां मौजूद हैं। आग लगते ही धुआं और लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फोम टेंडर, बजरी डंपर और अन्य आपातकालीन संसाधनों को भी लगाया गया है।
धार कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग हज़ारगो वेस्ट प्लांट से शुरू हुई थी और देखते ही देखते आसपास के दो से तीन क्षेत्रों में फैल गई। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और कई एजेंसियां मौके पर सक्रिय हैं।
कलेक्टर ने बताया कि इंदौर नगर निगम से दो फोम टेंडर भी भेजे गए हैं, जो आग बुझाने के कार्य में मदद कर रहे हैं। इसके अलावा पुलिस बल को भी मौके पर तैनात किया गया है ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके और किसी तरह की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग और धमाकों की आवाज के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। कई लोग अपने घरों और फैक्ट्रियों से बाहर निकल आए।
फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका है, लेकिन राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और आग के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।





