मध्य प्रदेश

इंदौर से दुबई जाने वाली उड़ान निरस्त होने पर यात्रियों ने किया हंगामा

Tara Tandi
19 April 2024 11:19 AM GMT
इंदौर से दुबई जाने वाली उड़ान निरस्त होने पर यात्रियों ने किया हंगामा
x
इंदौर : इंदौर से दुबई जाने वाली उड़ान निरस्त होने के बाद इंदौर विमानलत पर यात्रियों ने हंगामा कर दिया। दरअसल दुबई में भारी बारिश हो रही है। कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात है। इस वजह से दुबई से इंदौर आकर वापस दुबई जाने वाला विमान उड़ान नहीं भर सका। इस कारण इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों ने हंगामा कर दिया। उस विमान से 186 यात्री जाने वाले थे। उधर उड़ान निरस्त होने के कारण दुबई से इंदौर आने वाले यात्री भी दुबई में फंसे हुए है।
एयर इंडिया की फ्लाइट रात साढ़े दस बजे दुबई से इंदौर आती है और फिर रात 12.40 बजे फिर दुबई के लिए रवाना होती है, लेकिन गुरुवार रात मौसम खराब होने के कारण एयर इंडिया ने दुबई जाने वाली उड़ान अचानक निरस्त कर दी।
दुबई जाने का इंतजार कर रहे यात्रियों को पहले लगा कि उड़ान में देरी हो रही है। मौसम साफ होते ही विमान उड़ान भरेगा, लेकिन कंपनी ने उड़ान निरस्त कर यात्रियों को पैैसे रिफंड करने की घोषणा कर दी।
यात्रियों का कहना था कि अचानक उड़ान निरस्त नहीं की जा सकती है। कई यात्रियों को दुबई से कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ना थी, लेकिन उड़ान निरस्त होने के कारण उन्हें दूसरी उड़ानों के टिकट भी निरस्त कराना पड़े। एयरपोर्ट अफसरों का कहना कि दुबई में भारी बारिश हो रही है। इस कारण एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन नहीं हो पा रहा है। भारत के अलावा दूसरे देशों की उड़ानें भी दुबई से संचालित नहीं हो पा रही है।
उधर दुबई से इंदौर आने वाले यात्री भी वहां फंसे हुए है। अब इंदौर के लिए दुबई से अगली उड़ान छह दिन बाद है। इस वजह से अब इंदौर आने के लिए यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट का विकल्प रहेगा। दुबई एयरपोर्ट पर भी हजारों यात्री फंसे हुए है।
Next Story