- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- MPPSC का नया रिकॉर्ड,...
MPPSC का नया रिकॉर्ड, इंटरव्यू के 24 घंटे में असिस्टेंट प्रोफेसर रिजल्ट जारी

मध्य प्रदेश: लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा-2024 के अर्थशास्त्र विषय का अंतिम परिणाम रिकॉर्ड समय में जारी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आयोग ने साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के महज 24 घंटे के भीतर परिणाम घोषित कर दिया। इससे चयनित अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि अब उन्हें 2 अगस्त को होने वाली सहायक प्राध्यापक-2025 की दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल होने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
MPPSC के अनुसार, सहायक प्राध्यापक-2024 अर्थशास्त्र विषय की साक्षात्कार प्रक्रिया 14 जुलाई से शुरू हुई थी, जो 29 जुलाई को पूरी हुई। इसके बाद आयोग ने बिना देरी किए अंतिम परिणाम तैयार किया और गुरुवार देर रात अपने आधिकारिक पोर्टल पर जारी कर दिया। आयोग के इतिहास में पहली बार किसी विषय के इंटरव्यू के बाद इतनी तेजी से अंतिम परिणाम घोषित किया गया है।
इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है, जिनका चयन सहायक प्राध्यापक-2024 में हो गया है। इससे पहले अभ्यर्थियों को यह चिंता थी कि यदि परिणाम समय पर जारी नहीं हुआ तो उन्हें सहायक प्राध्यापक-2025 की परीक्षा में भी शामिल होना पड़ेगा। लेकिन परिणाम घोषित होने के बाद चयनित उम्मीदवारों को अतिरिक्त परीक्षा, यात्रा और तैयारी के दबाव से राहत मिल गई है।
सहायक प्राध्यापक-2024 अर्थशास्त्र विषय की लिखित परीक्षा का परिणाम 7 नवंबर 2025 को घोषित किया गया था। इसके बाद 130 पदों के लिए 400 से अधिक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए योग्य पाया गया था। लंबे इंतजार के बाद आयोग ने जुलाई में इंटरव्यू आयोजित किए। इसके लिए तीन से चार अलग-अलग पैनल बनाए गए थे, जिनके माध्यम से प्रतिदिन लगभग 60 से 70 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए।
29 जुलाई को इंटरव्यू प्रक्रिया समाप्त होने के बाद आयोग ने परिणाम तैयार करने का काम तेजी से शुरू किया और अगले ही दिन अंतिम सूची जारी कर दी। MPPSC अधिकारियों के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के हितों को प्राथमिकता दी गई, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
आयोग ने फिलहाल 87 प्रतिशत मुख्य पदों के तहत चयन सूची जारी की है। इसमें कुल 112 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जबकि 38 उम्मीदवारों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। वहीं, कुल पदों के शेष 13 प्रतिशत प्रावधिक भाग का परिणाम अभी जारी नहीं किया गया है। संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस हिस्से का परिणाम घोषित किया जाएगा।
MPPSC के ओएसडी रवींद्र पंचभाई ने बताया कि आयोग के इतिहास में यह पहला मौका है, जब किसी विषय के साक्षात्कार समाप्त होने के 24 घंटे के अंदर अंतिम परिणाम जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि परिणाम जल्द घोषित करने का उद्देश्य अभ्यर्थियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें आगे की परीक्षाओं को लेकर असमंजस से बचाना था।
उन्होंने बताया कि सहायक प्राध्यापक-2024 में चयनित उम्मीदवारों को अब 2 अगस्त को होने वाली सहायक प्राध्यापक-2025 की दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल नहीं होना पड़ेगा। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क, यात्रा खर्च और मानसिक दबाव से भी राहत मिलेगी।
MPPSC के इस कदम को प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से सरकारी भर्ती परीक्षाओं में परिणाम जारी होने में देरी की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में आयोग द्वारा कम समय में परिणाम घोषित करना अभ्यर्थियों के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।





