- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- MP : आदिवासी महिला के...

Madhya Pradesh मध्य प्रदेश : खंडवा जिले में दो लोगों ने 45 वर्षीय आदिवासी महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह वीभत्स घटना शनिवार को जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर खालवा तहसील के रोशनी पुलिस चौकी में हुई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खंडवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश रघुवंशी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला के साथ बलात्कार किया गया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई। महिला की मौत अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई। उन्होंने कहा, "फोरेंसिक विशेषज्ञों की निगरानी में खंडवा जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद और जानकारी मिलेगी।" अधिकारी ने बताया कि मृतक महिला के दो बच्चे हैं। पीड़िता और आरोपी कुर्कू आदिवासी समुदाय से हैं। पुलिस के मुताबिक, महिला और आरोपी शुक्रवार को एक शादी में शामिल हुए थे। महिला के परिवार वाले उसे शनिवार सुबह एक आरोपी के घर से अपने घर ले आए और दोपहर करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई। एएसपी ने बताया कि इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।





