मध्य प्रदेश

Morena: हफ्ता न देने पर दुकानदार भाइयों पर हमला, बदमाशों के खिलाफ शिकायत

Admindelhi1
15 Aug 2026 2:49 PM IST
Morena: हफ्ता न देने पर दुकानदार भाइयों पर हमला, बदमाशों के खिलाफ शिकायत
x
बदमाशों ने दुकानदार भाइयों से की मारपीट, हफ्ता न देने का आरोप

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना में शुक्रवार अल सुबह 10 से अधिक बदमाशों ने पुलिस को चुनोती देते हुये दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर फाटक बाहर क्षेत्र में दहशत फैला दी। बदमाश पहले दुकानदारों से हथियार की दम पर हफ्ता मांगने आये थे, न देने पर दुकानदार भाईयों पर बेसबॉल के डण्डों व रॉड से हमला कर दिया, जिससे दोनों दुकानदार भाई तथा उनका एक परिजन सहित तीन लोग घायल हो गये।

पीडि़त दुकानदार पुलिस को शिकायत करने थाने पर पहुंचे तब एक बार फिर बदमाशों ने आकर गोलियां चलाकर पीडि़त दुकानदारों के परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। हालांकि पुलिस ने पीडित परिवार की शिकायत पर से आधा दर्जन से अधिक बदमाशों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

मुरैना जिला मुख्यालय पर थाना स्टेशन रोड़ क्षेत्रान्तर्गत फाटक बाहर सौरभ यादव व उनका भाई अलग-अलग दुकान करते हैं। आज देर सुबह आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश उनकी दुकान पर आये और गाली-गलौज कर मारपीट करने लगे। विरोध करने पर दोनों भाई तथा बचाने आये भतीजे को भी लाठी-डण्डों से पीटा। सौरभ यादव उनके भाई की इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। बदमाश बेसबॉल के डण्डे, रॉड तथा अवैध हथियार कट्टा लिये हुये थे। उन्होंने सौरभ यादव व उनके भाई से दुकान चलाने के बदले हफ्ता वसूली की मांग की। विरोध करने पर मारपीट की घटना को अंजाम देते हुये तीन लोगों को घायल कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुये लोगों ने बीच बचाव कराकर दुकानदार भाईयों को बचाया, मौके से बदमाश जान से मारने की धमकी देकर हफ्ता देने की चेतावनी दे गये। इसी बीच पुलिस के पास पहुंचे घायल व पीडि़त लोगों की जानकारी मिलते ही बदमाश एक बार फिर बड़ी संख्या में दुकानदारों के घर के सामने पहुंच गये और ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दहशत फैला दी।

राहगीरों ने मकान की छत से गोली-बारी का वीडियो बना लिया। वहीं पड़ोसी दुकानदार के यहां लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हडक़म्प मच गया। थाना प्रभारी स्टेशन रोड़ संजय बरैया ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर से आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पीडि़त दुकानदार ने आरोप लगाया है कि मारपीट की घटना के बीच कुछ बदमाशों ने दुकान के भीतर रखे हुये रूपये भी निकाल लिये। एक ही दिन में बदमाशों द्वारा दो बार घटना किये जाने से घायल व पीडि़त परिवार दहशतजदा हो गया है। हालांकि पुलिस ने बदमाशों को शीघ्र दाखिले हवालात किये जाने का भरोसा जताया है।

Next Story