- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- 100 से ज्यादा भालू और...
मध्य प्रदेश
100 से ज्यादा भालू और जंगल में घूमता हाथी, शहडोल में वन विभाग अलर्ट
nidhi
6 Oct 2026 7:08 AM IST

x
जंगलों से गांवों की ओर बढ़ रहे वन्यजीव
शहडोल : शहडोल के जंगलों में इन दिनों इंसानों से ज्यादा वन्यजीवों की हलचल दिखाई दे रही है। कहीं भालू गांवों के करीब पहुंच रहे हैं, तो कहीं झुंड से बिछड़ा हाथी जंगलों में घूम रहा है। लेकिन सबसे बड़ी चिंता ब्यौहारी, जयसिंहनगर और गोहपारू के जंगलों को लेकर है। जहां एक-दो नहीं, बल्कि 100 से ज्यादा भालुओं के मूवमेंट ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच भालू के हमले में एक किसान की मौत ने वन विभाग की चुनौती और ग्रामीणों के खतरे को और गंभीर बना दिया है।
शहडोल जिले में इन दिनों वन्यजीवों की बढ़ती हलचल ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में कहीं भालू रिहायशी इलाकों और जंगलों के आसपास नजर आ रहे हैं तो कहीं हाथियों का मूवमेंट बना हुआ है। सबसे बड़ी चिंता ब्यौहारी, जयसिंहनगर और गोहपारू वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहे 100 से अधिक भालुओं को लेकर है। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगलों की ओर अकेले नहीं जाने और वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि गोहपारू के खन्नौधी वन परिक्षेत्र के मनटोलिया स्थित घोरसी जंगल में मवेशी चराने गए किसान पर भालू ने हमला कर दिया था,हमले में घायल किसान को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और जंगल जाने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर केशवाही वन परिक्षेत्र के तेंदूटोला इलाके में छत्तीसगढ़ से आया एक हाथी अपने झुंड से बिछड़कर विचरण कर रहा है। हाथी के गांवों के आसपास पहुंचने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क किया गया है। वन विभाग की टीमें हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
वन मंडलाधिकारी दक्षिण श्रद्धा पेंद्रो ने बताया कि वर्तमान में ब्यौहारी, जयसिंहनगर और गोहपारू क्षेत्र में बड़ी संख्या में भालुओं का मूवमेंट है। करीब 100 से अधिक भालुओं के विचरण को देखते हुए वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल में अकेले न जाएं, रात के समय विशेष सावधानी बरतें और वन्यजीव दिखाई देने पर उसके करीब जाने, फोटो-वीडियो बनाने या उसे उकसाने की कोशिश न करें, किसी भी वन्यजीव के रिहायशी क्षेत्र में आने की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
Next Story





