- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- MCTE ने IIT चेन्नई संग...
MCTE ने IIT चेन्नई संग मिलकर प्रदर्शित किया स्वदेशी 5जी नेटवर्क

MP मध्य प्रदेश: इंदौर में आयोजित ‘रण संवाद’ कार्यक्रम में महू स्थित मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (एमसीटीई) ने आईआईटी चेन्नई के सहयोग से विकसित अपने स्वदेशी 5जी नेटवर्क का प्रदर्शन किया। यह 5जी प्रणाली सेना के संचार, साइबर युद्ध, आईसीटी, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर (ईडब्ल्यू) और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण को उन्नत बनाएगी। साथ ही, यह सुरक्षित सैन्य संचार और अनुसंधान को भी और मजबूत करेगी।सेंटर फॉर लैंड वारफेयर स्टडीज (CLAWS) के महानिदेशक दुष्यंत सिंह ने बताया कि रण संवाद एक उद्घाटन संगोष्ठी है, जिसकी खासियत यह है कि इसमें सक्रिय रक्षा कर्मियों को भी शामिल किया गया है। इससे पहले रक्षा क्षेत्र में सेमिनार और सम्मेलन प्रायः शिक्षा जगत और सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ आयोजित होते रहे हैं।
एमसीटीई के प्रशिक्षक लेफ्टिनेंट कर्नल नैनीश लोहाकरे ने बताया कि यह परियोजना आईआईटी मद्रास से शुरू हुई थी। एमसीटीई ने अब एक राष्ट्रीय 5जी टेस्टबेड स्थापित किया है, जो भारतीय सेना के निजी 5जी नेटवर्क के रूप में कार्य कर रहा है। इस नेटवर्क पर सेना से जुड़े विभिन्न अनुप्रयोगों का परीक्षण किया जा रहा है। वारफेयर स्टडीज के महानिदेशक अशोक कुमार ने कार्यक्रम में सशस्त्र बलों में नई तकनीकों के समावेश पर विस्तार से जानकारी दी और साथ ही पहलगाम आतंकी हमले पर भी चर्चा की। भारतीय वायुसेना के एयर मार्शल एन कपूर ने कार्यक्रम के दौरान देश की पश्चिमी सीमाओं (पाकिस्तान सीमा) से जुड़े पहलुओं पर बात की। उन्होंने वायुसेना में तकनीक की अहम भूमिका और रण संवाद जैसे कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डाला।





