मध्य प्रदेश

Mauganj: देबलहा जलप्रपात में युवक की संदिग्ध मौत, दोस्त पर हत्या का शक

Tara Tandi
26 May 2025 3:36 PM IST
Mauganj: देबलहा जलप्रपात में युवक की संदिग्ध मौत, दोस्त पर हत्या का शक
x
Mauganj मऊगंज: मध्यप्रदेश मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध अष्टभुजी धाम मंदिर के पास देबलहा जलप्रपात शनिवार शाम एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना का गवाह बना. यहां चरैया गांव निवासी 23 वर्षीय युवक विकास वर्मा ने अपने दोस्त रमेश साकेत के साथ घूमने जाते वक्त जलप्रपात में संदिग्ध परिस्थितियों में छलांग लगाकर जान गंवा दी. यह घटना अब महज़ एक हादसा नहीं, बल्कि हत्या के संदेह में बदल चुकी है.
पुलिस के मुताबिक विकास वर्मा शनिवार की शाम पथरौड़ा कला गांव निवासी रमेश साकेत (26) के साथ देबलहा जलप्रपात घूमने गया था। तभी अचानक विकास ने छलांग लगा दी. अंधेरा होने के कारण तत्काल उसका शव बरामद नहीं हो सका। रविवार सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शव को ढूंढ निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
हालांकि, इस घटना ने नया मोड़ तब लिया जब मृतक के परिजनों ने आत्महत्या की थ्योरी को खारिज करते हुए इसे सोची-समझी हत्या करार दिया। परिजनों का आरोप है कि रमेश ने योजनाबद्ध तरीके से विकास को जलप्रपात तक बुलाया और किसी बहाने से उसकी हत्या कर दी। उनका कहना है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर पुराना विवाद था, जिसे रमेश ने अब इस कदर अंजाम दे दिया.
वहीं पुलिस ने रमेश साकेत को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है. नईगढ़ी थाना प्रभारी के अनुसार, सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्य जैसे कॉल डिटेल्स, लोकेशन ट्रेस और घटनास्थल का फोरेंसिक विश्लेषण आगे की कार्रवाई का आधार बनेंगे.
Next Story