मध्य प्रदेश

ISBT में भीषण आग, धमाके के बाद धू-धूकर जलीं कई बसें; CCTV खंगाल रही पुलिस

Shubhra Nandy
26 Oct 2026 6:42 AM IST
ISBT में भीषण आग, धमाके के बाद धू-धूकर जलीं कई बसें; CCTV खंगाल रही पुलिस
x
10 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) परिसर में रविवार शाम भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। परिसर में खड़ी वर्मा ट्रेवल्स की कई बसें अचानक आग की चपेट में आ गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में उठता काला धुआं करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। आग लगने के बाद बस टर्मिनल परिसर में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मचारियों ने करीब डेढ़ घंटे तक मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में चार बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि अन्य बसें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। घटना के बाद पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
शाम सात बजे धमाके की आवाज, फिर फैल गई आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब सात बजे आईएसबीटी परिसर में अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके कुछ ही देर बाद एक बस से आग की लपटें उठने लगीं। आसपास खड़ी अन्य बसें भी आग की चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में कई बसें धू-धूकर जलने लगीं। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। आग की भयावहता को देखकर आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

10 दमकल गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में पाया काबू
बस टर्मिनल में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग सक्रिय हो गया। आग बुझाने के लिए 10 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कर्मचारियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक कई बसों को भारी नुकसान पहुंच चुका था।
सूरत, अहमदाबाद और पुणे सहित कई रूटों पर चलती थीं बसें
आग की चपेट में आई बसें वर्मा ट्रेवल्स की बताई गई हैं। ये सभी डीजल इंजन वाली बसें थीं। इनका संचालन सूरत, अहमदाबाद, पुणे, बालाघाट, छिंदवाड़ा और बैतूल सहित विभिन्न रूटों पर किया जाता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में चार बसें पूरी तरह जल गईं, जबकि अन्य बसों के बड़े हिस्से आग से क्षतिग्रस्त हुए हैं। बसों को हुए आर्थिक नुकसान का सटीक आकलन अभी सामने नहीं आया है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। बस मालिक ने शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी कारण की पुष्टि नहीं की है। गोविंदपुरा एसीपी अदिति भावसार ने बताया कि पुलिस आग लगने के सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आग दुर्घटनावश लगी या किसी ने जानबूझकर लगाई।
आधा दर्जन से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज की जांच
घटना की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस आईएसबीटी परिसर में लगे आधा दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य आग लगने की शुरुआत और उसके फैलने की परिस्थितियों का पता लगाना है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। आग लगने की आधिकारिक वजह सामने आने का इंतजार है।
Next Story