- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मध्य प्रदेश में देर...
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल; 4 IAS अधिकारियों के तबादले
Triveni
19 Oct 2026 8:29 AM IST

x
निगम कमिश्नर बदले
भोपाल : मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए चार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। रविवार, 18 अक्टूबर की देर रात सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत भोपाल और जबलपुर नगर निगम के आयुक्तों को बदल दिया गया है। भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन को हटाकर वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया है, जबकि रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा दो अन्य आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेश के प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। खासकर भोपाल नगर निगम आयुक्त के पद से संस्कृति जैन का तबादला चर्चा का विषय बना हुआ है।
संस्कृति जैन को वित्त विभाग में मिली नई जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश सरकार ने 2015 बैच की आईएएस अधिकारी संस्कृति जैन का तबादला करते हुए उन्हें वित्त विभाग में उप सचिव पद पर नियुक्त किया है। इससे पहले संस्कृति जैन भोपाल नगर निगम आयुक्त के पद पर कार्यरत थीं। उनके पास मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी था। संस्कृति जैन इससे पहले सिवनी जिले की कलेक्टर रह चुकी हैं। सिवनी में अपने कार्यकाल के दौरान वे प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर चर्चा में रही थीं। सिवनी से भोपाल तबादला होने पर उनके विदाई समारोह की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। उस दौरान अधिकारियों द्वारा उन्हें पालकी में बैठाकर विदाई देने की घटना चर्चा का विषय बनी थी।
रामप्रकाश अहिरवार बने भोपाल नगर निगम के नए कमिश्नर
राज्य सरकार ने 2018 बैच के आईएएस अधिकारी रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया है। अहिरवार अब तक जबलपुर नगर निगम आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। नए आदेश के अनुसार, उन्हें भोपाल नगर निगम आयुक्त के साथ मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। राजधानी भोपाल में नगर निगम से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक कार्यों, शहरी व्यवस्थाओं और विकास परियोजनाओं की निगरानी अब उनके जिम्मे रहेगी। उनके सामने शहर की सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण, राजस्व वसूली, सीलिंग से जुड़े विवाद और नागरिक सुविधाओं से संबंधित चुनौतियां होंगी।
अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम की कमान
प्रशासनिक फेरबदल के तहत आईएएस अधिकारी अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम का नया आयुक्त बनाया गया है। अग्रिम कुमार 2020 बैच के अधिकारी हैं। वे इससे पहले छिंदवाड़ा जिला पंचायत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें जबलपुर जैसे महत्वपूर्ण शहर में नगर निगम प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबलपुर में नगरीय विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं और नगर निगम की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उनके सामने रहेगी।
अंजू अरुण कुमार का भी तबादला
सरकार ने भोपाल स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजू अरुण कुमार का भी तबादला किया है। उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। इससे पहले उनके पास भोपाल स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के साथ भोपाल नगर निगम के अपर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी था। नई नियुक्ति के बाद वे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालेंगी।
जानिए किस IAS अधिकारी को कहां मिली नई पोस्टिंग
Next Story





