मध्य प्रदेश

सागर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1560 किलो महुआ लाहन नष्ट

Admindelhi1
23 Nov 2026 2:40 PM IST
सागर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1560 किलो महुआ लाहन नष्ट
x
पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त दबिश, 11 प्रकरण दर्ज

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की है। रविवार को देवरी आबकारी वृत्त के अंतर्गत ग्राम समनापुर में कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर 1560 किलोग्राम महुआ लाहन और 20 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद की गई। बरामद शराब और निर्माण सामग्री की अनुमानित कीमत करीब एक लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।

सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे के अनुसार, महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह भदौरिया और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गांव में अवैध शराब निर्माण से जुड़े संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली। अचानक हुई कार्रवाई से अवैध कारोबार में कथित रूप से शामिल लोगों में हड़कंप मच गया।

तलाशी अभियान के दौरान छह अलग-अलग मकानों से बड़ी मात्रा में महुआ लाहन बरामद किया गया। आबकारी विभाग की टीम ने आवश्यक नमूने लेने के बाद 1560 किलोग्राम महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके साथ ही 20 लीटर अवैध कच्ची शराब भी जब्त की गई।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) और 34(1)(च) के तहत कुल 11 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें दो मामलों में नामजद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

वहीं, चार अन्य ठिकानों से संबंधित आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी हुई है। आबकारी विभाग और महाराजपुर थाना पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Next Story