- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Mahoba: शहीदों की याद...
Mahoba: शहीदों की याद में जलेगा एक दीया, बुंदेलों का आह्वान

महोबा: दीपावली की पूर्व संध्या पर बुंदेलों ने हवेली दरवाजा शहीद मैदान से एक दीया बलिदानियों के नाम अभियान शुरू किया और उन सभी 16 गुमनाम शहीदों की स्मृति में 1001 दीये जलाए जिनको 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के दौरान अंग्रेजी हुकूमत ने यहां इमली के पेड़ों से लटका कर फांसी दे दी थी। उन बलिदानियों की स्मृति में सदर विधायक राकेश गोस्वामी, विधान परिषद सदस्य जीतेन्द्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, खरेला चैयरमेन एसके सिंह व बुंदेली समाज संयोजक तारा पाटकर समेत नगर के तमाम गणमान्य लोगों ने दो मिनट का मौन भी रखा।
बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर बुंदेलखंडी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी "एक दीया बलिदानियों के नाम" अभियान की शुरूआत नर्क चतुर्दशी को हवेली दरवाजा शहीद स्थल से की गई। दीपावली के दिन हम पूर्व फौजियों के साथ सभी शहीदों के स्मारकों पर दीपदान करने जाएंगे। अभियान की शुरूआत गंज गांव के कारगिल शहीद बालेन्द्र सिंह की समाधि से शुरू होगा। महामंत्री डा. अजय बरसैंया ने कहा कि भारी अतिक्रमण का शिकार हवेली दरवाजा शहीद मैदान 1857 में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जंग का मुख्य केन्द्र था। बगावत को कुचलने के लिए ही तत्कालीन अंग्रेज अफसर व्हिटलाक ने 16 क्रांतिवीरों को यहां लगे इमली के पेड़ों से लटका दिया था। स्थानीय लोग लंबे समय से उनकी स्मृति में यहां बलिदानी द्वार और स्मारक बनवाने की मांग कर रहे हैं लेकिन दुर्भाग्य से शहीद स्थल पर कुछ लोगों द्वारा अपना मालिकाना हक जताने की वजह से अब तक यहां स्मारक नहीं बन पाया।
शहीद स्थल पर पूरे क्षेत्र का कूड़ा फेंका जाता है जो उन बलिदानियों का घोर अपमान है। विधायक राकेश गोस्वामी, एमएलसी जीतेन्द्र सिंह सेंगर ने कानूनी अड़चनों को दूर कर जल्दी से जल्दी शहीद स्मारक बनवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर डा. विभा पुरवार, कृष्णा शंकर जोशी, कैप्टन मोहन सिंह, देवीदीन यादव, प्रेम साहू, भागीरथ नगायच, संदीप शुक्ला, अरूण, अजय तिवारी, सुरेश बुंदेलखंडी, केएस शुक्ला, दिलीप जैन, मनीष जैदका, डा. देवेन्द्र पुरवार, अमरचंद विश्वकर्मा, गया प्रसाद कोस्टा समेत तमाम लोग मौजूद रहे।





