मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश: महिला को 53 हजार वेतन पर रखा था बदले में दिए केवल 5 हजार, धोखाधड़ी का मामला

Admin Delhi 1
7 March 2022 3:57 PM GMT
मध्य प्रदेश: महिला को 53 हजार वेतन पर रखा था बदले में दिए केवल 5 हजार, धोखाधड़ी का मामला
x

क्राइम न्यूज़: शहर में काम करने वाले एनजीओ जन शिक्षण संस्थान में गड़बड़ी की परतें उखड़ने लगी हैं। संस्थान के प्रबंधन से धोखाधड़ी की शिकार हुई एक और महिला सामने आई है। उसने भी संस्थान के अधिकारियों पर वेतन से पैसे वापस लेने का आरोप लगाया है। महिला ने इस संबंध में कैंट थाने में शिकायत की है। बता दें कि फरवरी महीने में कैंट पुलिस ने जन शिक्षण संस्थान की एपीओ को कमीशन लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। उसने संस्थान में काम करने वाले ट्रेनर के वेतन से कमीशन की मांग की थी। पुलिस ने एक ट्रेनर को पैसे लेकर उसके घर भेजा। जैसे ही ट्रेनर पैसे देकर बाहर आई, पुलिस टीम ने एपीओ के घर में दबिश देकर उसे पैसों सहित पकड़ लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर केंद्र को सील कर दिया है। वहीं एपीओ को रिमांड पर लेने की तैयारी भी पुलिस कर रही है। केंद्र का बाकी स्टाफ गायब हो गया था। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि एनजीओ की बड़ी मछलियों को बचाने के प्रयास किये जा रहे हैं। बीते दिनों गुना सांसद के प्रतिनिधि गमेश मालवीय ने भी सामने आकर महिलाओं से अपील की थी। उन्होंने कहा था कि जो भी और महिलाएं इनकी धोखाधड़ी का शिकार हुई हैं, वह सामने आकर एसपी से शिकायत करें। वह कार्यवाई कर महिलाओं को उनके पैसे वापस दिलाएंगे।

इस मामले में धोखाधड़ी का शिकार एक और महिला सामने आई है। मावन गांव की रहने वाली महिला रेखा शाक्यवार ने बताया कि उसने भी संस्थान में तीन महीने ट्रेनिंग दी थी। 15 दिसंबर को उसके खाते में वेतन के 19 हजार रुपये आये। संस्थान की एपीओ चंद्रलेखा ठाकुर ने उसे मेसेज कर कहा कि वह पैसे निकालकर लाये। महिला ने पूरे पैसे उसे दे दिये। एपीओ ने महिला को 2 हजार रुपये देकर कहा कि उसका इतना ही वेतन आया है। इसके बाद फरवरी में तीन महीने का उसका वेतन 53 हजार रुपये आया। वह भी एपीओ ने ले लिए और महिला को केवल 5 हजार रुपये दिए। महिला ने इस मामले की शिकायत कैंट थाने में की। अपने आवेदन में उसने कहा कि वह वर्ष 2009 से काम कर रही है। इसी तरह उसका वेतन खाते से निकलवाकर ले लिए जाता है और बहुत कम पैसे उसे दिए जाते हैं। उसने आवेदन सौंपकर कार्यवाई की मांग की है।

Next Story