- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मध्य प्रदेश: नितिन...
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश: नितिन गडकरी ने विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण और भूमिपूजन
SHIDDHANT
17 Jan 2026 11:08 PM IST

x
VIDISHA विदिशा। मध्य प्रदेश को केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ी सौगातें दी। उन्होंने 4400 करोड़ रुपए की आठ परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। विदिशा जिले में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गडकरी ने लोकार्पण और भूमिपूजन करते हुए कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हमारे लिए सिर्फ स्वप्न नहीं, एक संकल्प है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए पूरा देश एकजुट और एकमत होकर काम कर रहा है। हम सब मिलकर 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाएंगे। देश के समग्र विकास के इस महायज्ञ में सबसे बड़ी आहुति मध्यप्रदेश की ही होगी।
उन्होंने कहा कि सही नेतृत्व और समर्पित सरकार से कदमताल कर हम मध्य प्रदेश को एक प्रगतिशील, समृद्ध और सम्पन्न राज्य बनाएंगे। हम मध्य प्रदेश के विकास को शक्ति देने के लिए पूरी ताकत से अपना सहयोग देंगे। उन्होंने राज्य के विकास से जुड़ी विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर सहमति व्यक्त कर करीब एक लाख करोड़ रुपए की नई परियोजनाओं को मंजूरी दी। वहीं, राज्य में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के अधीन 2 लाख करोड़ रुपए लागत की राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजनाओं पर पहले से ही काम चल रहा है।
केंद्रीय सड़क मंत्री गडकरी ने कहा कि मध्य प्रदेश कृषि के क्षेत्र में सबसे अग्रणी राज्य है। यहां का बासमती चावल और शरबती गेहूं विश्व प्रसिद्ध है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अन्नदाता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। किसानों को अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता, हवाई ईंधनदाता और डामरदाता भी बनाना हमारा लक्ष्य है। नागपुर में किसान एथेनॉल का उत्पादन कर रहे हैं। भारत 22 लाख करोड़ रुपए का तेल आयात करता है। भोपाल एयरपोर्ट पर आज इलेक्ट्रिक कार देखकर मुझे प्रसन्नता हुई। देश में अब हाइड्रोजन कार पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारे कृषि यंत्र किसानों के द्वारा तैयार ईंधन पर चलने चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय मंत्री चौहान के किसानों की आय बढ़ाने के हर संभव प्रयास जारी हैं। किसानों की आय बढ़ेगी, तो वे गांव से दूर नहीं जाएंगे। केंद्रीय सड़क मंत्री गडकरी ने विदिशा में मध्यप्रदेश को विभिन्न सड़क परियोजनाएं देने की घोषणा करते हुए कहा कि 16 हजार करोड़ रुपए लागत का सागर-विदिशा-कोटा तक नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे बनाया जाएगा। इससे सागर से कोटा के बीच की दूरी 75 किमी तक कम हो जाएगी। नसरुल्लागंज (भैरूंदा)-बुधनी रोड को 4 लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में अलग-अलग 50 सड़कों के निर्माण के लिए 4500 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त भी जरूरत के अनुसार और भी राशि मंजूर की जाएगी। विदिशा में 4 हजार करोड़ रुपए लागत से उत्तरी बायपास बनाया जाएगा। इसी तरह 40 हजार करोड़ रुपए की लागत से ग्वालियर-भोपाल-नागपुर को जल्द मंजूरी मिलेगी, जो आगे जाकर हैदराबाद को भी कनेक्ट करेगा। सिंहस्थ के लिए उज्जैन-झालावाड़ 2500 करोड़ रुपए की लागत से हाईवे सहित अन्य रोड भी बनाए जाएंगे।
इस समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित तमाम नेता मौजूद रहे।
Tagsविदिशामध्य प्रदेशनितिन गडकरीकेंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रीसड़क परियोजनाएंराष्ट्रीय राजमार्गग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवेसागर-विदिशा-कोटा4 लेन हाईवेकिसानों की आयशिवराज सिंह चौहानविदिशा बायपासग्वालियर-भोपाल-नागपुरसिंहस्थजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





