मध्य प्रदेश

नर्मदा नदी की स्थिति पर नज़र, शहडोल स्टेशन पर पानी भरने से अलर्ट जारी

Saba Naaz
7 July 2025 10:35 AM IST
नर्मदा नदी की स्थिति पर नज़र, शहडोल स्टेशन पर पानी भरने से अलर्ट जारी
x
Bhopal भोपाल : बारिश के स्ट्रॉन्ग सिस्टम की वजह से मध्यप्रदेश में बाढ़ के हालात हैं। जबलपुर में बरगी डैम के 9 गेट खोल दिए गए हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन और बरगी बांध प्रबंधन ने नर्मदा नदी के निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है।
शहडोल रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म तक पानी भर गया है। रेलवे ट्रैक पूरी तरह से डूब गया है। मंडला और डिंडौरी जिलों में हो रही तेज बारिश के चलते इन दिनों नर्मदा नदी उफान पर है। अपस्ट्रीम में नर्मदा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बरगी बांध में पानी की आवक भी तेजी से हो रही है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बांध प्रबंधन ने पानी छोडऩे का निर्णय लिया है। शिवपुरी और मंडला जिलों में बीते 24 घंटों से हो रही तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शिवपुरी के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए, घरों और खेतों में पानी घुस गया। वहीं मंडला में भी नदी-नाले उफान पर हैं, सडक़ें और पुल बहने से आवाजाही ठप हो गई है।
नर्मदापुरम में बारिश का दौर जारी है। नरसिंहपुर जबलपुर मंडला क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश की वजह से नर्मदा नदी में तीन से चार फीट पानी बढ़ गया है। नर्मदापुरम में सेठानी घाट पर नर्मदा नदी सामान्य जलस्तर से 4 फीट ऊपर बह रही है। आज जिले में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। बरगी डैम से 5,000 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे नर्मदा नदी का जलस्तर 4 से 5 फीट तक बढ़ सकता है। इस वजह से जबलपुर, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, हरदा, खंडवा, खरगोन, धार, बड़वानी और अलीराजपुर जैसे जिलों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे न जाने की सलाह दी है। जबलपुर के बरगी डैम के गेट इस साल 23 दिन पहले ही 9 गेट खोलने पड़े।
रविवार को दोपहर 12 बजे बरगी डैम से पानी छोड़ा गया। डेम के गेट खोले जाने को लेकर जिला प्रशासन और बरगी बांध प्रबंधन ने नर्मदा नदी के निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। दरअसल, मंडला और डिंडौरी जिलों में हो रही तेज बारिश के चलते इन दिनों नर्मदा नदी उफान पर है। अपस्ट्रीम में नर्मदा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बरगी बांध में पानी की आवक भी तेजी से हो रही है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बांध प्रबंधन ने पानी छोडऩे का निर्णय लिया है। कटनी में साउथ रेलवे स्टेशन के रास्ते पर तीन फीट तक पानी भरा हुआ है।
आर्डिनेंस फैक्ट्रीकर्मियों को लंबा फेरा लगाना पड़ रहा है। कुछ कर्मचारी पानी में से ही निकल रहे हैं। शहडोल जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड समेत तीन वार्डों में पानी भर गया है। जिले में 36 घंटे से लगातार तेज बारिश हो रही है। शहडोल से छत्तीसगढ़ जाने वाला रायपुर-पड़रिया मार्ग बंद हो गया है। यहां पोंडा नाला उफान पर है। नाले में कार बह गई। स्थानीय लोगों ने पानी में कूद कर कार सवारों की जान बचाई। शहडोल रेलवे पुलिस स्टेशन में पानी भर गया। थाने में रखे दस्तावेज, कम्प्यूटर, रिकॉर्ड फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को नुकसान पहुंचा है। पुलिसकर्मी बाल्टी से पानी निकाल रहे हैं।
Next Story