मध्य प्रदेश

Katni: नकली मुद्रा रैकेट का पर्दाफाश हुआ

Admindelhi1
24 July 2025 7:52 PM IST
Katni: नकली मुद्रा रैकेट का पर्दाफाश हुआ
x
"जबलपुर STF हुआ सक्रिय"

कटनी: जिले में जबलपुर एसटीएफ (स्पेशन टॉस्क फोर्स) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई कुठला थाना क्षेत्र के बिलहरी चौकी अंतर्गत ग्राम बखड़ेरा में की गई, जहां दबिश देकर एक युवक को पकड़ा गया है। युवक के पास से एक लाख 56 हजार रुपए के नकली नोट जब्त किए गए हैं।

एसटीएफ को जानकारी मिली थी कि कृष्णा लोधी पिता गुलाब सिंह (29) नाम का युवक जो गांव में ऑनलाइन सेंटर चला रहा है, वह 500, 200 और 100 रुपए के नकली नोट छापता है और सप्लाई करता है। इसका बड़ा नेटवर्क फैला है। इस इनपुट के बाद टीम ने सात दिन तक युवक की गतिविधियों पर नजर रखी और पुख्ता सबूतों के बाद बुधवार शाम दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

टीम ने ग्राम पंचायत बखड़ेरा स्थित कृष्णा लोधी के ठिकाने से एक लाख 56 हजार रुपए के नकली नोट जब्त किए हैं। उसके पास से नोट छापने वाली प्रिंटिंग मशीन, कंप्यूटर सिस्टम, स्कैनर, स्पेशल स्याही, काटने की ब्लेड, गोंद, नोट छपाई का पेपर, गाइडलाइन व नोट के डिजाइन वाली फाइलें बरामद होना बताया जा रहा है। कृष्णा लोधी ऑनलाइन व गारमेंटस की दुकान भी संचालित करता है। लोगों की नजरों से बचने और नकली नोटों के गोरखधंधे को छुपाने के लिए उसने दुकान को ढाल बना रखा था। वहीं से वह कंप्यूटर व प्रिंटर का उपयोग कर नकली नोट छापने का काम करता था।

जानकारी अनुसार पूछताछ में पता चला है कि इस नेटवर्क का लिंक जबलपुर सहित अन्य महानगरों से भी जुड़ा है। यह आशंका जताई जा रही है कि युवक नकली नोटों की सप्लाई आसपास के जिलों और शायद कुछ राज्यों तक भी कर रहा था। एसटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुट गई है।

इस कार्रवाई में टीआई निकिता शुक्ला, एसआई गणेश ठाकुर, एक उप निरीक्षक और अन्य अधिकारी शामिल थे। टीम ने पूरी सावधानी और रणनीति के तहत युवक को पकडऩे की योजना बनाई थी। गिरफ्तार कृष्णा लोधी को पूछताछ के लिए जबलपुर ले जाया गया है। वहां पर पूछताछ के दौरान और भी कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है। एसटीएफ की टीम पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है कि ये नकली नोट कहां-कहां भेजे जा रहे थे और कितने समय से यह धंधा चल रहा था।

Next Story