- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कलयुगी बेटे ने की मां...
कलयुगी बेटे ने की मां की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। नृसिंह बाजार में रहने वाली 68 वर्षीय जिस महिला का संदिग्ध अवस्था में शव मिला, उसकी हत्या होना पाया गया। पुलिस ने उसके बेटे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। उसने 80 लाख रुपये की संपत्ति के लिए मां का गला घोंटकर हत्या करना कुबूला। गुमराह करने के लिए उसने मां के मुंह में जहरीला पदार्थ भर दिया था। डीसीपी जोन-4 राजेश कुमारसिंह के मुताबिक किरणबाला पति स्व. मनोहरलाल जैन का बुधवार सुबह फ्लैट में शव मिला था।
वह बेटे आदित्य जैन के साथ रहती थी। गुरुवार दोपहर पुलिस को पीएम रिपोर्ट मिली, जिसमें बताया किरण की मौत दम घुटने से हुई है। एडीसीपी जोन-4 डा. प्रशांत चौबे ने सख्ती की तो आदित्य टूट गया। पूछताछ में बताया कि उनके तीन फ्लैट हैं। दो किराये पर दे रखे हैं। मां का मौसा अनिल से ज्यादा लगाव था। वह उसके साथ मिलकर संपत्ति बेचना चाहती थी। बुधवार रात जैसे ही मां सोने के लिए कमरे में गई, उसने गला दबाकर मार डाला।
किसी को शक न हो इसलिए मां के मुंह में जहरीला पदार्थ रख दिया। जहर की शीशी भी शव के पास रखी और प्रेमिका मोना (नीमच) के पास आकर सो गया। एसीपी (पंढरीनाथ) एसकेएस तोमर के मुताबिक किरण और मनोहर जैन ने आदित्य को अनाथालय से गोद लिया था। वह लावारिस मिला था। किरण और मनोहर ने उसकी शादी की लेकिन पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करवा दिया। कुछ दिन से मोना के साथ रहने लगा। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो कहा कि मौसी ज्योति का उसी इमारत की पहली मंजिल पर फ्लैट है। अनिल मां से बार-बार मिलने आता था।