मध्य प्रदेश

जयपुर और नेरौबी दोनों विश्व-विख्यात शहर: गिरिराज खंडेलवाल

Shreya
13 July 2023 9:42 AM GMT
जयपुर और नेरौबी दोनों विश्व-विख्यात शहर: गिरिराज खंडेलवाल
x

नैरोबी ( केन्या ) पूर्वी अफ्रीकी देशों के साथ राजस्थान के व्यापारिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों की डोर मजबूत करने पर बल देते हुए कांग्रेस नेता गिरिराज खंडेलवाल ने कहा है कि जयपुर और नेरौबी दोनों विश्व-विख्यात शहर हैं। इन्हें परस्पर फ्रेंडली सिटी के रूप में और नजदीक आना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान से केन्या को हर साल करीब 512 करोड़ रूपये के सामान का निर्यात हो रहा है। इसमें बहुत बढ़ोतरी संभव है। पर्यटन दोनों राजस्थान और केन्या को करीब लाएगा।

गिरिराज खंडेलवाल ने यह बात केन्या की राजधानी नैरोबी में आयोजित इंडो ईस्ट अफ्रीका ट्रेड एक्सपो में अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधियों से संवाद के दौरान कही। राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री ( फोर्टी ) के प्रतिनिधिमंडल में नैरोबी आये गिरिराज खंडेलवाल ने कहा कि जयपुर और नैरोबी दोनों में जवाहरात, हस्तशिल्प, ग्रेनाइट, ऑटोमोटिव, वस्त्र, कृषि उपकरणों, खाघ प्रसंस्करण जैसे अनेक क्षेत्रों में व्यापार की अपार संभावनाएं हैं। वहीं, दोनों पर्यटन शहर हैं।

फोर्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के सचिव व जयपुर नगर निगम में कांग्रेस के मुख्य सचेतक रहे खंडेलवाल ने कहा कि पूर्वी अफ्रीकी देशों के नागरिक राजस्थान में जयपुर, उदयपुर, पुष्कर, जैसलमेर, जोधपुर जैसे पर्यटन शहरों को चुनें। यहां के किले, स्मारक और लोक संस्कृति के आयाम निश्चित तौर पर अफ्रीकी नागरिकों को पसंद आयेंगे। गिरिराज खंडेलवाल ने कहा कि पिंकसिटी जयपुर हाथियों का भी शहर भी है। यहां आमेर जैसे सुंदर स्थल और हवामहल जैसे नायाब स्मारक हैं। केन्या की राजधानी नैरोबी की सुंदरता की प्रशंसा करते हुए।

गिरिराज खंडेलवाल ने कहा कि यहां के लोगों के दिल राजस्थानियों की तरह बड़े हैं। अफ्रीकी युवाओं के लिए राजस्थान में शिक्षा के व्यापक अवसर हैं जिसका लाभ उठाने की जरूरत है।

उल्लेखनीय है कि गिरिराज खंडेलवाल फोर्टी के प्रतिनिधिमंडल के साथ 10 जुलाई तक केन्या प्रवास पर रहे हैं। यहां आयोजित ट्रेड एक्सपो में 175 पेवेलियन लगाये गये। जिसमें युगांडा, रवांडा, तंजानिया, मेडागास्कर, मोजाम्बिक आदि देशों के व्यापारियों ने भाग लिया। ट्रेड एक्सपो का आयोजन फोर्टी और राजस्थान एक्सपोर्ट प्रमोशन कौंसिल ने किया था।

कौंसिल ( आरपीईपीसी ) के चेयरमैन राजीव अरोड़ा, राजसीको की एमडी एवं आईएएस अधिकारी मनीषा अरोड़ा, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक रफीक खान, राजस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव, फोर्टी संरक्षक सुरजाराम मील, अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, पूर्व उपाध्यक्ष सज्जन सिंह, कमल कंदोई व सुनील अग्रवाल आदि ने इस ट्रेड एक्सपो में शिरकत करते हुए राजस्थान में हुए औघोगिक विकास, व्यापारिक प्रगति के साथ शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र के नये आयामों की जानकारी दी।

Next Story